कुदरहा,बस्ती।
कलवारी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने और कथित गर्भपात का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित आटा चक्की संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। अब गर्भपात कराए जाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के एक गांव की किशोरी आटा पिसवाने के लिए गांव में स्थित चक्की पर गई थी। आरोप है कि चक्की संचालक अकमल (24) पुत्र जानुल्लाह ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने या घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। बाद में किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। परिजनों का आरोप है कि गर्भपात कराने के लिए उसे पैसों का लालच दिया गया।
इस मामले में किशोरी की मां ने 22 अक्टूबर को कलवारी थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोसैसीपुर बंधे के पास दबिश दी। यहां से सुबह करीब 11:30 बजे आरोपित अकमल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गर्भपात कराने वाले की भूमिका की पड़ताल
किशोरी का गर्भपात कहां और किन परिस्थितियों में कराया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस प्रक्रिया में किसी चिकित्सक या स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका सामने आने पर संबंधित तथ्यों और अभिलेखों की जांच महत्वपूर्ण होगी। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Powered by Froala Editor