ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम
बस्ती: कलवारी थाना क्षेत्र के चकदहा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा चकदहा ग्राम से भंगुरा की ओर जाने वाले रामजानकी मार्ग पर स्थित मोड़ के पास हुआ, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अभय (7 वर्ष) पुत्र अजय कन्नौजिया, निवासी ग्राम चकदहा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे लादने वाला लोहे का स्टैंड लगा हुआ था। ट्रॉली को पीछे करते समय अचानक अभय ट्रॉली की चपेट में आ गया। जिसकी सूचना तत्काल थाना कलवारी को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और अभय को सीएचसी बनहरा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि अभय अपने माता-पिता का सबसे छोटा पुत्र था। उसके एक बड़ी बहन है और वह परिवार में दूसरे नंबर का बच्चा था। अभय कक्षा एक का छात्र था। मृतक के पिता अजय कन्नौजिया कलवारी थाने में होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Powered by Froala Editor
