आगरा: आगरा के थाना सदर क्षेत्र से इको गाड़ी चोरी करने वाले दो 3 को पुलिस ने दबोच लिया। थाना सदर पुलिस टीम द्वारा आज यानी मंगलवार को कार चोरी की घटना का अनावरण करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया| कब्जे से चोरी की ईको कार व 600 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ डायजापाम भी बरामद हुआ है|
दिनांक 19.05.2022 को वादी ताजुद्दीन खान द्वारा थाना सदर पर सूचना दी गयी कि मैंने दिनांक 17.05.2022 की शाम को अपनी इको गाड़ी घर के सामने खड़ी की थी। सुबह जब मैंने उठकर बाहर देखा तो वहां पर गाड़ी मौजूद नहीं थी। काफी तलाश करने पर भी प्राप्त नहीं हुयी। किन्हीं अज्ञात चोर द्वारा गाड़ी को चोरी कर लिया गया है। इस सम्बन्ध में थाना सदर पर मु0अ0सं0 208/22 धारा 379 भादवि पंजीकृत किया गया।
उपरोक्त घटना में संलिप्त अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु श्रीमान पुलिस उपमहानिरीक्षक/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद आगरा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी सदर के सफल पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सदर को टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इसी क्रम में मंगलवार, 24 मई 2022 को पुलिस टीम थाना रोहता चौराहे पर बैरियर डालकर चैकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि अभी करीब एक हफ्ते पहले रोहता से जो ईको कार चोरी हुई है, उसे तीन लोग मलपुरा की तरफ से रोहता चौराहे होते हुए ग्वालियर की तरफ जाने वाले हैं, यदि जल्दी की जाये तो गिरफ्तार किये जा सकते हैं।
इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम बताये स्थान के पास चैकिंग करने लगी। कुछ समय बाद एक ईको कार आती हुयी दिखायी दी। पुलिस टीम को चैकिंग करता देख कार सवार पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा चारों ओर से घेरकर गाड़ी में सवार तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर अभियुक्तगण के कब्जे से 600 ग्राम नशीला पदार्थ डायजापाम बरामद हुआ।
पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर अपना नाम खुशीराम, ओमवीर व हरेन्द्र बताया गया। भागने का कारण पूछने पर बताया गया कि हमारे पास नशीला पदार्थ था एवं यह कार हम तीनों ने मिलकर लगभग एक हफ्ते पहले रोहता से रात्रि में चोरी की थी। आज हम लोग इसी कार से भोले भाले लोगों को अपनी मीठी बातों में फंसाकर उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर उनके पर्स आदि सामान चोरी करने के लिये जा रहे थे।