आगरा : आगरा जिले में कॉलेज जा रही छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है| मामला एत्मादपुर थाना क्षेत्र का है| आरोप है कि एत्मादपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ ऑटो सवार 3 युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया है| मिली जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र की रहने वाली बीकॉम की छात्रा के साथ दरिंदगी हुई है| बीकॉम की छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म एत्मादपुर के गैंगस्टर भूरा यादव ने अपने दो साथियों के साथ किया। गैंगस्टर खुद का ऑटो चलाता है।
आगरा पुलिस ने सोमवार को गैंगस्टर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं तीसरा आरोपी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। उधर, पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं। आगरा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एत्मादपुर के नगला हंसराज निवासी भूरा यादव और यशपाल हैं। उनसे लूटे गए चार हजार रुपये, एक मोबाइल फोन और ऑटो बरामद किया गया है। आरोपियों का तीसरा साथी योगेंद्र कुमार है।
SP (पश्चिम) सत्यजीत गुप्ता ने बताया,''थाना एत्मादपुर में एक पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में तहरीर दी थी। पीड़िता ने बातया कि 3 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। तहरीर पर कार्रवाई कर हमने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आगे के वैधानिक कार्रवाई की जा रही है|
टूंडला क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता एत्माद्दौला क्षेत्र के कॉलेज से बीकॉम कर रही है। 7 फरवरी को पीड़िता द्वारा थाना एत्मादपुर पर तहरीर दी गयी कि मैं बीकॉम की छात्रा हूं। 6 फरवरी को मैं अपने चाचा के साथ आरबीपीजी कॉलेज कालिन्द्री विहार एत्माद्दौला जा रही थी, कुबेरपुर पर पहुंचने पर ध्यान आया कि आज रविवार है और कॉलेज बन्द होगा, जिससे हम लोग चाचा के घर कहरई चले गये। चाचा को कुछ काम आने के कारण चाचा ने मुझे कहरई से बिजली घर के लिए टैम्पो में बिठा दिया। वहां से मैं रामबाग आ गयी। रामबाग से टैम्पों में बैठने पर उसकी सवारियां कुबेरपुर पर उतर गयीं और टैम्पो में अकेली रह गयी।
तीनों युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया व अश्लील वीडियो भी बनाई
टैम्प??? चालक मुझको लेकर सर्विस रोड पर आ गया तो मैंने मैन रोड पर चलने को कहा। कुछ देर बार वह दोबारा सर्विस रोड पर आ गया एवं टैम्पो खेतों की तरफ ले गया जहां पर अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया और उन सभी ने मेरे साथ जबरदस्ती गलत काम किया एवं वीडियो भी बनाने लगे। इस दौरान वह आपस में भूरा व यशपाल नाम ले रहे थे और जाते-जाते मुझसे 05 हजार रूपये छीनते हुए, धमकी देकर गये कि हम नगला हंसराज के रहने वाले हैं और यदि किसी को इसके बारे में बताया तो हम वीडियो को वायरल कर देंगे और तुझे जान से मार देंगे।
दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
इस सम्बन्ध में पुलिस ने थाना एत्मादपुर पर तत्काल सामूहिक दुष्कर्म, लूट और धमकी की धारा में नामजद मुकदमा दर्ज किया। आगरा पुलिस ने बताया कि,' मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुयी कि सामूहिक दुष्कर्म मामले में अभियोग से सम्बन्धित अभियुक्तगण भूरा व यशपाल टैम्पो सहित कहीं जाने की फिराक में खंदौली रोड रेलवे पुल के नीचे खड़े हुए हैं| इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम मुखबिर द्वारा बताये स्थान पर पहुंची। पुलिस टीम को देख दोनों सकपका गये और भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा चारों ओर से घेरकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से 01 मोबाइल, 01 अदद टैम्पो घटना में प्रयुक्त व रू0 4000/- बरामद हुए।