आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के कमला नगर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी हुयी डकैती मामले में थाना कमलानगर पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम ने कार्यवाही करते हुए मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड में डकैती डालने वाले आरोपियों का सहयोग करने वाली रू0 25,000/- की इनामी महिला आरोपी मीनू भारद्वाज उर्फ अंजली को गिरफ्तार किया| कब्जे से डकैती के पीली धातु के 19 नग व सफेद धातु के 1 नग (कुल वजन 101 ग्राम) आभूषण बरामद किया| पुलिस ने मीनू भारद्वाज उर्फ अंजली के रूप 22वीं गिरफ्तारी की है| इससे पहले पुलिस 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 2 लोग एनकाउंटर में मारे जा चुके है|
17 जुलाई 2021 को मणप्पुरम फाइनेंस कमला नगर में अज्ञात बदमाश डकैती डाल कर करोड़ों का सोना व रुपये लूट कर ले गये थे। इस सम्बन्ध में थाना कमला नगर पर मु0अ0सं0 168/21 धारा 395/397 भादवि पंजीकृत किया गया था।
मणप्पुरम फाइनेंस डकैती मामले में पुलिस ने बताय??,''17 जुलाई 2021 को थाना एत्मादपुर क्षेत्र में दो अभियुक्तों को एनकाउन्टर के दौरान मार गिराया गया था। घटना में संलिप्त एवं सहयोग करने वाले 19 अभियुक्तगण को पुलिस टीम द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था एवं शेष 1 अभियुक्ता रू0 25,000/- की इनामी मीनू भारद्वाज लगातार फरार चल रही थी, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे थे।
इसी क्रम में 15 जून 2022 को थाना कमलानगर पुलिस टीम द्वारा रू0 25,000/- अभियुक्ता की गिरफ्तारी हेतु अभियुक्ता मीनू भारद्वाज के मकान तलाश करने पहुंचे, जहां अभियुक्ता नहीं मिली। मुखबिर खास द्वारा सूचना प्राप्त हुयी कि अभियुक्ता गिरफ्तारी से बचने की वजह से नगला बरी मे किराये के मकान में रह रही है। सूचना के आधार पर अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्ता के कब्जे से 19 नग पीली धातु व 01 नग सफेद धातु आभूषण कुल वजन 101 ग्राम बरामद हुआ।
भाई ने डाली थी डकैती
पुलिस पूछताछ में मीनू भारद्वाज उर्फ अंजली ने बताया कि,'' मेरा भाई अंशुल सोलंकी उर्फ लालू, जिसने अपने साथियों सहित आगरा में दिनांक 17.07.2021 को गोल्ड लोन बैंक में लूट करके काफी सोने के आभूषण व रूपये एक बैग में लाकर मेरे पति संजय भारद्वाज के साथ मेरे घर आया था और मुझे व मेरे पति को बैंक डकैती के बारे में बताया।
मीनू ने बताया कि,''उसने मुझे आभूषण व रूपयों से भरा बैग पकड़ा दिया और घर के अन्दर रखने के लिए कहा तो मैंने बैग को घर के अन्दर छुपा कर रख दिया। उसके बाद मेरा भाई मेरे घर पर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल को लेकर मेरी बड़ी बहन के घर चला गया।
निकाल लिए थे बैग से गहने
मीनू ने बताया कि,'अंशुल के जाने के बाद मैंने उस बैग में से कुछ आभूषण व कुछ रूपये निकाल कर अलग छिपाकर रख लिये तथा शेष आभूषणों व रूपयों से भरे बैग को मेरे पति ने डर की वजह से अपनी बहन अनीता पत्नी सर्वेश के घर उसको बिना बताये छिपाकर रख दिये।
मेरे भाई ने मेरे पति को पकड़वा दिया: मीनू
आरोपी मीनू ने बताया कि ,''मेरे भाई अंशुल के पकड़े जाने पर उसने मेरे पति को पकड़वा दिया और मेरे पति ने उस बैग को पुलिस को बरामद करवा दिया था। उस समय मैं बाहर गयी हुयी थी इसलिए पुलिस मुझे नहीं पकड़ पायी। जानकारी होने पर मैं बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली गयी और किराये के मकान में रहने लगी। बरामद आभूषण उसी डकैती से सम्बन्धित हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तगण का विवरण
मीन भारद्वाज उर्फ अंजली पत्नी संजय भारद्वाज नि0 राम नगर धीमर वाली बगीची के पीछे थाना लाइनपार जनपद फिरोजबाद हाल पता किराये का मकान नगला बरी थाना रामगढ़ जनपद फिरोजाबाद।
अब तक इनकी हुई गिरफ्तारी
17 जुलाई 2021 को 2 लोग एनकाउंटर में मारे गये
17 जुलाई 2021 को डकैती की घटना होने पर पुलिस ने घेराबंदी करके दो बदमाश मनीष और निर्दोष कुमार को एत्मादपुर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। उनसे 1.65 लाख रुपये और 7.5 किलोग्राम सोना बरामद किया गया।
21 -23 जुलाई को 2 गिरफ्तार
इसके बाद 21 जुलाई को आरोपी प्रभात ने आत्मसमर्पण किया। 23 जुलाई को संतोष जाटव मुठभेड़ में पकड़ा गया। उससे 63 हजार रुपये और 1.002 किलोग्राम सोना मिला।
27 जुलाई को 3 गिरफ्तार
27 जुलाई को अंशुल सोलंकी, अंशु यादव उर्फ ध्रुव (सहयोगी), संजय शर्मा (सहयोगी) पकड़े गए। उनसे 2,90,500 रुपये और .966 ग्राम सोना बरामद किया।
2 -3-4 अगस्त को 5 गिरफ्तार
दो अगस्त को रेनू पंडित, तीन अगस्त को सुनीता व राजा उर्फ गौतम सागर, चार अगस्त को अवकाश मिश्रा उर्फ मोनू, अश्वनी मिश्रा उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया| रेनू पंडित (एनकाउंटर में घायल) के पास से 42762 रुपये और 2.050 ग्राम सोना मिला था और सुनीता के पास से 0.059 ग्राम सोना बरामद हुआ था।
10 अगस्त 2021 को 4 गिरफ्तार
दस अगस्त को सहयोगी देवेंद्र यादव, दीपू, सचिन, मनोज पकड़े गए।
.....6 गिरफ्तार
इसके बाद केशव यादव, संजय कुमार, नरेंद्र उर्फ लाला, अरुण यादव, राजकुमारी उर्फ कौशल्या और अब मीनू भारद्वाज उर्फ अंजली पकड़ी गई। नरेंद्र को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। आरोपियों से 6,01,272 और कुल 15.249 किलोग्राम सोना बरामद किया गया।