अलीगढ़:अलीगढ़ में रसलगंज चौराहा पर रसलगंज चौकी के सामने स्थित शिव मंदिर में घुसकर युवक ने छेनी व हथौड़े से देवी-देवताओं को क्षतिग्रस्त कर दिया| इसी बीच मंदिर के पुजारी की नींद टूटी तो उन्होंने पुलिस बुला ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को ???बोच लिया। सोमवार की सुबह होते ही खबर फैली तो मंदिर में लोगों की भीड़ जुट गई। खबर पर पूर्व मेयर सहित भाजपा व संघ के नेता भी पहुंच गए। उन्होंने इस घटना को साजिश करार देते हुए हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी कर ली है। फौरी जांच में पुलिस आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रही है।
सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया,''रविवार की रात को एक व्यक्ति के द्वारा पेड़ पर चढ़कर पीछे से मंदिर में घुसकर सभी मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ की जा रही है|
अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि 28 अगस्त की देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक रसलगंज चौकी के सामने मंदिर में मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर रहा है| इसको लेकर लेपर्ड और पुलिस वहां पहुंची| वहां युवक को गिरफ्तार कर लिया गया| युवक थाना सिविल लाइन क्षेत्र का बताया जा रहा है| उसकी उम्र 25 से 30 साल के लगभग बताई जा रही है|
मंदिर पुजारी व पूर्व मेयर की ओर से संयुक्त तहरीर पर आरोपी 28 वर्षीय मो. आजाद मुज्जमिल निवासी मंजिल पानवाली कोठी सिविल लाइंस, मूल निवासी मियाचक रसूलाबाद थाना सिमरी बखत्यारपुर सहरसा बिहार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई|