अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में फर्जी मेट्रोमोनियल वेबसाइट के जरिए लोगों के साथ ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। यह गैंग शहर में अलग अलग जगहों पर कॉल सेंटर ऑफिस खोलकर लोगों को शादी कराने का झांसा देता था। कॉल सेंटर में काम करने वाली लड़कियां लोगों से बात करती थी और उनसे रुपए ऐंठती थी। अलीगढ़ पुलिस ने सिविल लाइंस और गांधीपार्क में चल रहे दो कॉल सेंटरों में छापेंमारी की और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें 12 महिलाएं शामिल हैं।
कब्जे से कॉल सेन्टर में प्रयुक्त 28 सिम, 24 मोबाइल, 6 पीसी सीपीयू, मोनिटर व अन्य उपकरण बरामद हैं|
पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना और गांधी पार्क थाना इलाके के अलग-अलग स्थानों पर दो अवैध रूप से संचालित कॉल सेंटर पर थाना गाँधीपार्क, सिविल लाइन, साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापा मारा| छापेमारी में पुलिस ने दोनों स्थानों से एक पुरुष देवेंद्र सिंह निवासी बुलंदशहर समेत 12 महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया है|
पुलिस ने क्वार्सी थाना इलाके में स्थित अवैध कॉल सेंटर से एक पुरुष व 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया| इसके अलावा गांधी पार्क थाना इलाके के गोपी मिल कंपाउंड में चल रहे अवैध कॉल सेंटर से 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है| पुलिस के अनुसार मथुरा नगर स्थित मेट्रोमोनियल सर्विस प्रोवाइडर की संचालिका बहुत से लोगों से ऑनलाइन शादी का झांसा देकर रुपए ठगने का कार्य करती थीं|
अलीगढ़ सिटी के SP कुलदीप गुनावत ने कहा कि,'' 2 कॉल सेंटर को पकड़ा है जो फर्जी मैट्रिमोनियल साइट चलाते थे। कॉल सेंटर में काम करने वाली लड़कियां लोगों को फंसाकर उनसे अकाउंट में पैसे डलवाने का काम करती थीं। कई लोगों से शिकायतें मिली थी। थाना सिविल लाईन से 8 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है| उनसे मोनीटर, रजिस्टर और 6,300 रु. बरामद किए गए हैं। गांधी पार्क से 5 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है और 28 सिम कार्ड, 24 मोबाइल व 45,220 रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है|