Basti: कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यादव समाज में आक्रोश
बस्ती : सोशल मीडिया पर यादव समाज को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग से आक्रोशित समाज के लोग बुधवार को आदर्श कोतवाली पहुंचे। उन्होंने इसे न केवल एक समुदाय का अपमान बताया, बल्कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास भी करार दिया।
यादव समाज के लोगों ने एकजुट होकर फेसबुक पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले विकास नाथ पाण्डेय के खिलाफ तहरीर दी और उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। तहरीर सौंपते हुए समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी जाति या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
समाज के लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो वे वृहद स्तर पर आंदोलन करने को विवश होंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का दुस्साहस न कर सके।
यादव समाज के लोगों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास रखते हैं, लेकिन समाज के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Powered by Froala Editor
