बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है| बांदा जिले में गिरवां थाना क्षेत्र के गिरवां कस्बे के पास शुक्रवार शाम इनोवा और ऑटो में जबरदस्त भिडंत हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर है| करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की की सूचना के बाद पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया| सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है|
जानकारी के मुताबिक,'' नरेनी की तरफ से एक तेज रफ्तार इनोवा कार आ रही थी| गिरवां थाना क्षेत्र के गिरवां कस्बे के पास तेज रफ्तार इनोवा कार ने सामने से आ रही सवारियों से भरी ऑटो को ज़ोरदार टक्कर मार दी। ऑटो पर सवार सात लोगों की मौत हो गई है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। ऑटो दो हिस्सों में बंट गया। वाहन के अंदर ही मृतकों के शव फंस गए। उन्हें बाहर निकाला गया। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे में ऑटो सवार 60 साल के जियासीन अहमद पुत्र जिला कदम हुसैन निवासी शेखनपुर, 28 साल के ओम प्रकाश,नीलू पुत्र श्यामलाल निवासी बांसी, छोटू पुत्र प्रमोद दिवेदी निवासी पनगरा थाना नरैनी, 13 साल के मोहित द्विवेदी पुत्र प्रमोद द्विवेदी निवासी पनगरा, 45 साल के प्रमोद द्विवेदी पुत्र जगन्नाथ निवासी पनगरा और 1 अन्य की मौत हो गई है। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हादसे में सुंदरम पांडे पुत्र राधेश्याम पांडे निवासी बांसी थाना गिरवा, राकेश पुत्र रामचरण निवासी करतल थाना नरैनी, सुमन पत्नी विजय धोबी ग्राम मसूरी थाना गिरवा, चंद्रावली यादव पुत्री छत्रपाल यादव निवासी जमरेही थाना गिरवा, शिवम पांडे पुत्र राधेश्याम पांडे निवासी बांसी थाना गिरवा और पांच अज्ञात गंभीर रूप से घायल हो गए।
बांदा के SP अभिनंदन ने बताया,''एक इनोवा कार ने एक ऑटो में टक्कर मार दी। गाड़ी का ड्राइवर नशे में था, हमने उसे हिरासत में ले लिया है। घटना में 6 लोगों की मृत्यु हो गई है और 7 लोग घायल हैं। सभी घायलों को हमने मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया है, जहां सभी का सकुशल इलाज चल रहा है|
मुख्यमंत्री ने जनपद बांदा में हुए सड़क हादसे में जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।