Basti: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
कलवारी (बस्ती)। जनपद बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बेलवाडाड़ गांव के समीप लुम्बिनी–दुद्धी मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सोमवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे हुए इस हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बहादुरपुर पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने 26 वर्षीय रजनीश पांडेय, पुत्र दिव्य प्रकाश पांडेय, निवासी डिहुकपुरा, थाना लालगंज थाना को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय आकाश पांडेय, पुत्र हरिकेश पांडेय, निवासी अइलिया, थाना लालगंज को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
Powered by Froala Editor
