बस्ती/कुदरहा। बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के टेगरिहा राजा गांव में सोमवार की देर शाम पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक हो गया। आपसी झगड़े और मारपीट में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक 17 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान कई लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि विवाद में एक पक्ष से संगीता पत्नी मलखान और रामगोपाल पुत्र मलखान शामिल थे, जबकि दूसरे पक्ष से शिवपूजन पुत्र बिंदेश्वर (लगभग 60 वर्ष) का नाम सामने आया है। शिवपूजन, रामगोपाल के दादा बताए जा रहे हैं। झगड़े के दौरान शिवपूजन को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा लेकर पहुंचे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इलाज के दौरान शिवपूजन की हालत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद से संगीता और रामगोपाल मौके से अनुपस्थित पाए गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Powered by Froala Editor