बस्ती: जिले के छपिया गांव के होनहार छात्र राज ने SSC CGL (विदेश मंत्रालय) की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई कर सफलता हासिल करने पर उनके परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
राज के घर पर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। लोगों ने उन्हें मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान कैप्टन कुलदीप कुमार ने उन्हें माता सावित्रीबाई फुले का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
राज ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, आत्मविश्वास और सही रणनीति को दिया। उन्होंने कहा, "आधुनिक युग में घर बैठे ही परीक्षा की तैयारी संभव है। यदि छात्र कड़ी मेहनत करें और निरंतर प्रयास जारी रखें, तो किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है। असफलता से घबराने की बजाय अपनी कमियों को दूर करना चाहिए।"
इस सम्मान समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी अनिल कुमार गौतम, डॉ. अशरफ अली (जनपद गोंडा), सी.एल. सिद्धार्थ (जौनपुर), विजय कुमार राव (प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक उपाध्यक्ष परशुरामपुर), कैलाश नाथ (जिला संगठन मंत्री अटेवा), अखिलेश कुमार कनौजिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने राज की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से अन्य छात्र प्रेरणा ले सकते हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर संकल्प मजबूत हो और परिश्रम किया जाए, तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।