नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में आने का नाम नहीं ले रहा है| कोरोना वायरस अब तेजी से पूरे देश में पांव पसारने लगा है। आम से लेकर खास तक को कोरोना अपनी चपेट में ले रहा है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडी (एस) नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि वो कोरोना से संक्रमित हैं।
इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी दोबारा कोरोना संक्रमित पाए गए। उनको इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले आठ महीने में दूसरी बार येदियुरप्पा कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले 78 वर्षीय येदियुरप्पा को दो अगस्त 2020 को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का कहर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 2,34,692 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,45,26,609 हुई। 1,341 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,75,649 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 16,79,740 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,26,71,220 है।