नई दिल्ली: अभिनेता सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के दिल्ली में 67 साल की उम्र में निधन हो गया। सतीश कौशिक होली सेलिब्रेशन के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान वहां उन्हें बेचैनी महसूस हुई तो उनको फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।
अभिनेता सतीश कौशिक का निधन हो गया है। अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट करते ख़बर की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा, "मुझे पता है 'मौत इस दुनिया का अंतिम सच है!" लेकिन मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त सतीश कौशिक के बारे में जिंदा रहते हुए ये बात लिखूंगा. 45 साल की दोस्ती पर ऐसा अचानक फुल स्टॉप आपके बिना जीवन पहले जैसा नहीं रहेगा सतीश! ओम शांति!"
सतीश कौशिक के मैनेजर ने बताया कि वह उन्हें अस्पताल लेकर आए थे| मैनेजर संतोष राय ने बताया कि, 'सतीश कौशिक रात साढ़े 10 बजे सो गए थे| उन्होंने रात 12 बजकर 10 मिनट पर मुझे बुलाया| वह सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहे थे|
सतीश कौशिक के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'प्रख्यात फिल्म हस्ती सतीश कौशिक के आसमयिक निधन से दुखी हूं, वह एक रचनात्मक प्रतिभा थे, जिन्होंने अपने अद्भुत निर्देशन की बदौलत सभी का दिल जीता'।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अभिनेता, निर्देशक व लेखक सतीश कौशिक की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, "भारतीय सिनेमा, कलात्मक कृतियों और प्रदर्शनों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदना, ओम शांति।"
सतीश कौशिक का जन्म हरियाणा के महेंद्रगढ़ में साल 1956 में हुआ था| उन्होंने ''मासूम'' फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी उन्होंने मिस्टर इंडिया, दीवाना मस्ताना, जोशीले, जमाई राजा, साजन चले ससुराल जैसी फिल्मों में काम किया है| फिल्मों में एक्टिंग के अलावा उन्होंने रूप की रानी, चोरों का राजा और तेरे नाम जैसी फिल्मों को डायरेक्ट भी किया है|