चंदौली: चंदौली में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, ''चुनाव के समय आपकी समस्याओं की बात नहीं होती। बुल्डोजर की बात होती है। तो फिर माफिया पर बुल्डोजर क्यों नहीं चलता? क्योंकि माफिया इनके संरक्षण में काम कर रहे हैं। ये बुल्डोजर की बातें सिर्फ गरीबों के लिए हैं, ये सरकार सिर्फ अमीरों के लिए चल रही है।
प्रियंका गांधी ने कहा'' क्या महंगाई और बेरोज़गारी आती है तो वे आपका धर्म पूछती है? क्या विकास किसी एक विशेष धर्म के लिए होता है? फिर ये नेता धर्म और जाति को क्यों उठा रहे हैं, इससे किसका फायदा हो रहा है| ये जाति-धर्म की बातें किसको बर्बाद कर रही हैं? आपको बर्बाद कर रही हैं। ये बातें करने वालों के बच्चे बर्बाद नहीं हो रहे। वे तो जाकर विदेश में पढ़ते हैं। जिनके बच्चे नहीं हैं, उनके दोस्त अमीर हो रहे हैं। मोदी जी के दोस्त हजार करोड़ रोज कमाते हैं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा,''कांग्रेस के नेताओं ने, आपके पूर्वजों ने, किसानों ने इस देश को आजाद कराया था। जब तक इस देश का एक-एक नौजवान अपने पैरों पर खड़ा नहीं होता, तब तक आप आजाद नहीं होंगे। आजादी ये होती है कि आप अपने पैरों पर खड़े हो सकें।
प्रियंका गांधी ने कहा, ''दशकों से आपके प्रदेश में जाति और धर्म की राजनीति चल रही है। आपका और मेरा प्रदेश, जिसने देश को तमाम प्रधानमंत्री दिए, देश को राजनीतिक दिशा दिखाई, देश को आजादी दिलवाई | आपकी आजादी के लिए जब लड़े नहीं, जब शहीद नहीं हुए, जब खून नहीं बहाया देश की जमीन के लिए तो कैसे समझेंगे कि आज़ादी क्या होती है।
कांग्रेस के नेताओं और आपके पूर्वजों ने इस देश को आजाद बनाया| बदल डालिए यहां की राजनीति, मौका है आपके सामने। एक ऐसी पार्टी को सत्ता में लाइए, जो आपके लिए काम करे, जिसके नेता समझें कि आपकी समस्याएं क्या हैं| नेताओं की, राजनीतिक दलों की और सरकारों की नीति सही होनी चाहिए |