चंडीगढ़: चंडीगढ़ में एक छोले भटूरे विक्रेता द्वारा जिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई है, उन्हें मुफ्त में छोले भटूरे खिलाए जा रहे हैं। छोले भटूरे विक्रेता संजय राणा ने बताया, "हमने बोर्ड पर लिखा है, वैक्सीन लगवाकर आओ, छोले भटूरे की 1 प्लेट फ्री में खाएं। रोज़ 25-30 ऐसे लोग आ ही जाते हैं।
चंडीगढ़ के सेक्टर 29 बी की रेहड़ी मार्केट में संजय राणा साइकिल पर छोले-भटूरे लगाए हैं। कोरोना टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए एक स्ट्रीट वेंडर संजय राणा ने वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को फ्री में एक प्लेट छोले-भटूरे देने का बोर्ड लगा रखा हैं।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी सिंह बदनौर ने इसकी पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि देश के प्रति स्ट्रीट वेंडर के इस जज्बे को देखकर शहर की जनता को सीख लेना चाहिए|
दरअसल कोरोना टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर 29 में फूड स्टॉल लगाने वाले स्ट्रीट वेंडर संजय राणा ने जब वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को मुफ्त में एक प्लेट छोले-भटूरे देने का एलान किया तब प्रशासक बदनौर ने इसका पोस्ट अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर किया, ताकि लोग स्ट्रीट वेंडर के जज्बे को देखकर वैक्सीन लेने के लिए आगे आएं और कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान को सफल बनाएं|
बदनौर ने अपने टि्वटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए जनता को टीकाकरण के लिए जागरूक करते हुए कहा कि अगर कोरोना वायरस को हराना है, तो हर वर्ग के लोगों को वैक्सीन जरूर कराना चाहिए| टीकाकरण के जरिए जीवन को कोरोना महामारी से सुरक्षित रखा जा सकता है| साथ ही उन्होंने आम लोगों से कोविड प्रोटोकाल का नियमित रूप से पालन करने की अपील की जिसके तहत हाथों को सेनिटाइज करना, घर से बाहर निकलते समय मुंह पर अनिवार्य रूप से मास्क पहनना और जरूरी शारीरिक दूरी का पालन करने को कहा|