रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आज 9 सितंबर को किए गए दो नये जिलों के शुभारंभ के साथ ही छत्तीसगढ़ में जिलों की कुल संख्या 33 हो गई है। श्री बघेल ने आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सक्ती जिलों का शुभारंभ किया। बीते पौने चार वर्षों के दौरान 06 नये जिले, 85 नयी तहसीलें, अनेक अनुविभाग तथा उपतहसीलों का गठन किया जा चुका है।
राज्य में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने ‘सहज प्रशासन-सरल जीवन‘ की नीति पर चलते हुए प्रशासनिक कामकाज और प्रक्रियाओं के सरलीकरण का वादा किया था। इसी क्रम में उन्होंने वर्षों से लंबित विभिन्न जिलों की मांगों को भी पूरा करने का वादा लोगों से किया था। 10 फरवरी 2020 को उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गठन के साथ इस वादे को पूरा करने की शुरुआत की। इसके बाद 15 अगस्त 2021 को उन्होंने 05 और नये जिलों के गठन की घोषणा की थी।
बीते 02 सितंबर को इनमें से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का सबसे पहले शुभारंभ उन्होंने किया। दूसरे दिन 03 सितंबर को सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नये जिले बने और जिलों की संख्या 31 तक जा पहुंची। हफ्तेभर के भीतर आज 09 सितंबर को उन्होंने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सक्ती जिलों के गठन का वादा भी पूरा कर दिया।
नये जिलों के गठन के दौरान वहां के लोगों ने जबर्दस्त उत्साह प्रकट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हमारे बरसों पुराने सपनों को साकार कर दिया है। अब हमारे क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो पाएगा। व्यापार, व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी। प्रशासन तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी, इससे योजनाओं का लाभ भी तेजी से मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब शासकीय कामकाज के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा, पास में ही सभी जिला शासकीय कार्यालय होने से स्थानीय स्तर पर ही काम हो जाएंगे। इससे समय और धन की बचत होगी। पर्यटन महत्व के स्थानीय स्थलों को नयी पहचान मिलेगी और पर्यटन-उद्योग का विकास हो सकेगा।
जिलों के शुभारंभ के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को फलों, मेवों, मिठान्नों, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, लघु वनोपजों से तौल कर नागरिकों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
साकार हुआ पुरखों का सपना, बनेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि जिला निर्माण का वादा आज पूरा हो गया है। सक्ती जिले की एक नई पहचान बन गई है। पुरखों द्वारा देखे गए सपने साकार हो गए हैं और एक सुग्घर छत्तीसगढ़ विकास की राह में भी आगे बढ़ रहा है। सक्ती जिला बनने के पश्चात इस जिले के लोगों की समस्याओं का अंत होने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही कार्य काल में राज्य से 85 तहसील और नए अनुविभाग के साथ नये जिले बने। इससे आम नागरिकों की सहूलियतें बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
शिक्षा,स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहा है बदलाव
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ व्यक्ति एक विकास की इकाई है। हमने प्रदेश की जनता के विकास के लिए योजनाएं बनाई है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 279 स्वामी आत्मानन्द विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। आने वाले शिक्षा सत्र में 422 नए स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित किए जाएंगे। कुल 701 विद्यालयों के संचालन से शिक्षा के क्षेत्र में परिवर्तन होगा। इसी तरह कुपोषण को दूर करने मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के दिशा में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, हाट बाजार क्लीनिक योजना से लोगों का उपचार हो रहा है।
आपकी दीपावली अच्छे से मने, इसके लिए राशि पहले देने की कोशिश करेंगे
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि किसानों के ऋण माफी के अलावा धान खरीदी तथा गोधन न्याय योजना से गोबर खरीदी करके विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पैसा पहुचाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि इस साल धान की अच्छी पैदावार होगी। मैंने स्वयं भी रोड शो के दौरान आपके जिले के खेतों को देखा है। वैसे भी यह जिला सबसे ज्यादा धान उत्पादन वाला जिला है।
उन्होंने कहा कि दीवाली पर्व की खुशियों के बीच एक नवम्बर या उससे पहले राजीव गाँधी किसान न्याय योजना की तृतीय किस्त भी खाते में प्रदान कर दी जाएगी, ताकि आपकी दीपावली अच्छे से मन सके। उन्होंने कहा कि राज्य में भूमिहीन कृषि मजदूरों को 7 हजार की राशि दी जा रही है। लघु वनोपज उत्पादनों की खरीदी की व्यवस्था की गई है। इससे किसानों और मजदूरों की आर्थिक स्थिति सुदृढ हुई। छत्तीसगढ़ में खुशहाली आयी है।
नया जिला बना, कोई भुलाएं नहीं
नवगठित जिला सक्ती के उद्घाटन समारोह में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नया जिला बनाकर एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने जनसमुदाय से गढ़बों नवा छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। डॉ. महंत ने कहा कि राज्य में जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य के साथ हितग्राहियों को आर्थिक लाभ हो रहा है। सक्ती जिला बनने के साथ पुरखों का सपना पूरा हुआ है। कार्यक्रम में विधायक श्री रामकुमार यादव और श्री केशव चंद्रा ने भी लोगों को संबोधित किया और सक्ती को जिला बनाये जाने पर सभी को बधाई दी।
विकास कार्यों से मिलेगी सक्ती को नई पहचान
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नवगठित जिले सक्ती के शुभारंभ अवसर पर सक्ती जिलेवासियों को 153 करोड़ 6 लाख रूपए के 309 विभिन्न विकास कार्यों का सौगात दी। जिसमें 85 करोड़ 20 लाख रूपए की लागत के 296 कार्यों का भूमिपूजन और 67 करोड़ 85 लाख 99 हजार रूपए की लागत निर्मित 13 कार्यों का लोकार्पण किया।