कोलकाता: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पहले टी-20 मैच में 6 विकेट से हरा दिया है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारत ने वेस्टइंडीज़ को 6 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत के सामने 158 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 40 रन बनाये|रोहित शर्मा ने 19 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए| जबकि सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 34 रन की पारी खेली। भारतीय टीम की इस फॉर्मेट में ये लगातार 7वीं जीत है। वेस्टइंडीज की ओर से ओडीयन स्मिथ ने 2 विकेट चटकाए। शेल्डन कॉटरेल और फैबियन एलन ने 1-1 विकेट लिए
इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बनाए। निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए।भारत की ओर से रवि बिश्नोई और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और दीपक चाहर के खाते में 1-1 विकेट आया।
निकोलस पूरन 43 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 61 रन बनाने के बाद हर्षल पटेल का शिकार बने। पूरन ने अपने टी-20 करियर की छठी और भारत के खिलाफ दूसरी फिफ्टी जमाई है। पोलार्ड ने नाबाद 19 गेंदों पर 24 रन बनाए|
टारगेट का पीछा करते हुए रोहित शर्मा और ईशान किशन ने टीम इंडिया को जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 45 गेंदों पर 64 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को रोस्टन चेस ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (40) को आउट कर तोड़ा। हिटमैन का कैच बाउंड्री लाइन पर ओडीयन स्मिथ ने पकड़ा। इसके बाद WI ने दो रन के भीतर भारत को दो बड़े झटके पहुंचाए। पहले चेस ने ईशान किशन (35) का विकेट लिया और तीन गेंद बाद ही विराट कोहली (17) फैबियन एलन को अपना विकेट दे बैठे। ये दोनों विकेट भारत ने 93 और 94 के स्कोर पर गंवाए। ऋषभ पंत (8) भी पारी को संभालने में नाकाम रहे। पंत का विकेट शेल्डन कॉटरेल ने लिया।
दोनों टीमें इस प्रकार है-
भारत (प्लेइंग इलेवन): ईशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल।
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, ओडीयन स्मिथ, फैबियन एलन, शेल्डन कॉटरेल।