नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 87 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार का मामला सामने आया है| दिल्ली पुलिस के अनुसार,घर में घुस कर एक व्यक्ति ने 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला का यौन उत्पीड़न किया और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार वारदात रविवार रात को हुई, जब महिला की बेटी अपनी एक मित्र से मिलने बाहर गयी थी।पुलिस ने मामला दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है|
दिल्ली पुलिस ने कहा,''13 फरवरी को तिलक नगर इलाके में हुई घटना में तेजी से जांच शुरू कर दी है। कई टीमें आरोपी युवक की तलाश में जुट गई हैं। दिल्ली पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।
सोमवार को दिल्ली पुलिस में अतिरिक्त डी. सी. पी. प्रशांत गौतम ने कहा, '13 फरवरी को पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि कोई लड़का गैस ठीक करने के बहाने इनके घर में घुसा और मोबाइल ले गया। आज पीड़ित परिवार ने नए आरोप लगाते हुए कहा है कि इनके घर में रह रहीं 87 वर्षीय वृद्ध महिला पर यौन हमला हुआ है|
अतिरिक्त डी. सी. पी. प्रशांत गौतम ने कहा,''हमने अनुरूप धाराओं के तहत मामला दर्ज़ किया है और कार्रवाई जारी है। महिला की उम्र ज़्यादा होने की वजह से मेडिकल कराने में दिक़्क़त हो रही है। हम कोशिश कर रहे हैं कि जहां वह परिवार रहता है वहीं मेडिकल कराएं|
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला अपनी 65 वर्षीय बेटी के साथ रहती है| परिजनों का आरोप है कि रविवार को जब बेटी घूमने गई थी तभी इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और जब बुजुर्ग महिला ने उसे देखा और पूछताछ की तो उसने कहा कि वह एक गैस एजेंसी के लिए काम करता है और उसे काम के लिए घर पर बुलाया गया था। जब महिला को उस पर संदेह हुआ तो उसने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया, उसका यौन उत्पीड़न किया और उसका मोबाइल फोन चुराकर भाग गया।
पुलिस ने बताया कि परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि जब उसकी बेटी घर पहुंची, तो उसने अपनी मां को घायल पाया और पुलिस से संपर्क किया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि,'' "रविवार 13 फरवरी 2022 को तिलक नगर के एक घर से एक वरिष्ठ नागरिक की बेटी से मोबाइल फोन चोरी की लिखित शिकायत मिली, जिसके बाद संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। आज, शिकायतकर्ता द्वारा यौन उत्पीड़न का और आरोप लगाया गया है। एफआईआर में कानून की प्रासंगिक धाराएं जोड़ी गई हैं और जांच की गई है। पीड़ित को परामर्श और सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।