नई दिल्ली: राज्य निर्वाचन आयोग आज शाम दिल्ली नगर निगम चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग बुधवार शाम 5 बजे राज्य में तीन नगर निगमों की कुल 272 वार्डों के चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने जा रहा है। चुनाव पैनल के अधिकारी शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
इस दौरान वह नामांकन, नामांकन की जांच, उम्मीदवारी वापस लेने, मतदान की तारीख और मतगणना की तारीख सहित महत्वपूर्ण मतदान तिथियों की घोषणा करेंगे। मालूम हो कि नगर निगम चुनावों में 10.4 मिलियन से अधिक मतदाताओं के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की संभावना है।2017 नगरपालिका चुनाव में नामांकन का अंतिम दिन तीन अप्रैल था और चुनाव 23 अप्रैल को हुए थे जबकि नतीजे 26 अप्रैल को सामने आए थे।
एसईसी के अधिकारियों ने मंगलवार को एक समीक्षा बैठक के बाद बताया कि मतदाता सूची में संशोधन, चुनाव अधिकारियों की पहचान, मतदान केंद्रों जैसी अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और चुनाव आयोग चुनाव कराने के लिए तैयार है।
इस बीच राजनीतिक दल विशेष रूप से भाजपा, आप और कांग्रेस महीनों से राजधानी में नगर निगम चुनाव के लिए पिच तैयार कर रहे हैं। गौरतलब है कि भाजपा पिछले 15 वर्षों से एमसीडी पर शासन कर रही है और आप, जिसने 2020 में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए दिल्ली में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाई, वह भगवा पार्टी को नगरपालिका शासन से हटाना चाहती है। आप, भाजपा और कांग्रेस के अलावा बहुजन समाज पार्टी, बिहार की सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) जैसी अन्य पार्टियों और अन्य ने भी एमसीडी चुनावों में कई उम्मीदवार खड़े किए हैं।