नई दिल्ली: जहांगीरपुरी हिंसा में शामिल पांच दोषियों पर रासुका लगाया गया| हिंसा में शामिल पांच दंगाइयों के खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है| आधिकारिक सूत्रों ने बताया,''पांच दोषियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाया गया| जानकारी के अनुसार, अंसार, सलीम, इमाम शेख उर्फ सोनू, दिलशादी और आहिदी पर एनएसए लगा है।
बता दें कि कल ही गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस को सख्त निर्देश दिए थे कि दंगाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। वहीं, पुलिस ने 10 और संदिग्धों की पहचान कर ली है। इन संदिग्धों की तलाश में पुलिस दिल्ली व आसपास के कि करीब 18 संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस अंसार, सोनू व नाबालिग को 2 दिन के रिमांड पर लेकर उनसे सघन पूछताछ कर रही है। खासकर तीनो के फोन की घटना वाले दिन की लोकेशन से लेकर इनके फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) को खंगालने में जुटी है। करीब 30 संदिग्ध नंबर पुलिस की जांच राडार पर हैं।
गौरतलब है कि,जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया था, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति जख्मी हो गया था| संघर्ष के दौरान पथराव और आगज़नी की घटनाएं हुई थी और गाड़ियों को भी जला दिया गया था| जहांगीरपुरी हिंसा की घटना के मामले में अभी तक कुल 25 लोगों को पकड़ा गया है| इनमें दो किशोर भी शामिल हैं|