नई दिल्ली: कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जनरल सेक्रेटरी अजय माकन के नेतृत्व में, जहांगीरपुरी में कल हुए विध्वंस अभियान से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचा।पुलिस ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं जाने दिया। इन लोगों को उस जगह जाने से भी रोक दिया गया, जहां हिंसा हुई थी।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा,''ऐसा लगता ही नहीं है कि देश में कानून का राज है। कानून ये इजाज़त नहीं देता कि बिना नोटिस दिए किसी के घर को गिराया जाए। मेरे पास कोर्ट का 2019 का भी आदेश है जिसमें कहा गया है कि किसी को बिना नोटिस दिए उसका घर नहीं गिराया जा सकता है तो फिर कल यहां ऐसा क्यों हुआ?
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा ''मैं आप सबसे कहना चाहता हूं कि कृपया इस प्रक्रिया को धर्म के चश्मे से ना देखें। ये सिर्फ गरीब के पेट पर लात मारी गई है। ये इसलिए हुआ है क्योंकि हमारे देश में बेरोज़गारी-महंगाई से सबसे ज्यादा पीड़ित गरीब हैं,उनका ध्यान भटकाने और उन्हें धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश हुई है|
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा,''कल जिस तरह से सरकारी उत्पीड़न हुआ है हम उसके खिलाफ आज पीड़ितों से मिलने जा रहे हैं और लौट कर सोनिया गांधी जी को रिपोर्ट सौपेंगे और उसके बाद पार्टी आगे की कार्रवाई करेगी| इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अनिल चौधरी और दिल्ली के एआईसीसी प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल भी मौजूद रहे।