प्रदेश: उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले के अंसारी रोड पर एक दो मंजिला इमारत की छत गिरी। हादसा अंसारी रोड के पास सोमवार तड़के 3 बजे दो मंजिला इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो साल की बेटी और उसके माता-पिता हैं। एक महिला को हल्की चोट आई। मौके पर SP संकल्प शर्मा, SDM सदर सौरभ सिंह और CO श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम बचाव कार्य में लगी है।
अंसारी रोड पर कुलदीप बरनवाल का मकान है, जो जर्जर हो चुका है। इसी मकान में दिलीप गोंड़ का परिवार किराए पर रहता था। सोमवार तड़के 3 बजे मकान का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। हादसे में दिलीप गोंड़ (35), उनकी पत्नी चांदनी (30) और दो साल की बेटी पायल की दबकर मौत हो गई। दिलीप की मां प्रभावती (65) उस समय किसी काम से उठी थीं, वह घर के बाहर आई थीं। इस वजह से उन्हें हल्की चोट आई।
SP संकल्प शर्मा ने बताया, "घटना में एक परिवार के 3 लोग घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। छत गिरने के कारणों की जांच की जाएगी तभी हम बता पाएंगे कि ये घटना कैसे घटी।"
देवरिया के DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ,''4 में से 3 सदस्यों की मृत्यु हुई है। मृत्यु के बाद जो शासकीय सहायता दी जानी चाहिए वह हम दे रहे हैं। दैवीय आपदा में शासन के निर्देश हैं जिसमें 4 लाख रुपए प्रति व्यक्ति सहायता दी जाती है। उस हिसाब से इनको 12 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद देवरिया में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि ₹04 लाख तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।