हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के अक्किरेड्डीगुडेम में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हो गए |घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया है| यह घटना गुरुवार आधी रात के करीब गैस रिसाव के कारण हुई। राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की| साथ ही जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए हैं |
मसुनुरू मंडल के अक्किरेड्डी गुडेम में पोरस केमिकल फैक्टरी में गैस लीक होने से धमाके के साथ रिएक्टर फटने से भीषण आग लग गई और पूरी बिल्डिंग में फैल गई। हादसे में 5 मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई। एक ने हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं| जिसमें से कई लोगों की हालत गंभीर है|
मरने वालों में 4 मजदूर बिहार के थे
घायलों को विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से 6 लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं| अधिकारियों का कहना है कि 4 मजदूराें की हालत बेहद नाजुक है| मरने वालों में 4 मजदूर बिहार के थे। जबकि बाकी दो की पहचान कृष्णा केमिस्ट और ऑपरेटर किरण के रूप में हुई है। पुलिस बाकी ब्लॉक्स में भी मजदूरों की मौजूदगी की जांच कर रही है। पोरस फैक्ट्री एक फार्मा फैक्ट्री है, जहां नाइट्रिक एसिड, मोनो मिथाइल और सल्फ्यूरिक एसिड का इस्तेमाल होता है।
नाइट्रिक एसिड, मोनोमिथाइल के रिसाव से आग लगी
एलुरु के एसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि ,''एलुरु के अक्किरेड्डीगुडेम में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए हैं। नाइट्रिक एसिड, मोनोमिथाइल के रिसाव से आग लगी है|
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में पालीमर कच्चे के माल की डिलीवरी होती थी। कंटेनर लीक होने के कारण फैक्ट्री में आग लगना शुरू हो गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। डीएसपी नुजीवेदु ने बताया, 'फैक्ट्री में एक कंटेनर लीक हो गया और अचानक एक मेनहोल से आग की लपटें निकली। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में एलुरु आग दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। पीएमओ के ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया गया है। पीएम ने कहा, 'एलुरु में केमिकल फैक्ट्री में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।
सीएम जगन मोहन रेड्डी ने किया मुआवजे का एलान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 5 लाख रुपये और जिन्हें मामूली चोटें आई हैं उन्हें 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने एलुरु के अक्किरेड्डीगुडेम में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।