● पत्रकार के लापता बेटे को पुलिस ने 6 घंटे में किया बरामद
● श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने एसपी समेत पुलिस टीम को सराहा, गुलदस्ता देकर कहा- थैंक यू
गोंडा: उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार विपिन सिंह के लापता बेटे को पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तत्परता दिखाते हुए 6 घंटे के भीतर बरामद कर लिया और उसे परिजनों के सुपुर्द किया। बच्चे की सकुशल बरामदगी हुई तो पीड़ित परिवार की मुस्कान वापस लौट आई। उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर थैंक्यू कहा।
जिले के वरिष्ठ टीवी जर्नलिस्ट विपिन विपिन सिंह उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव के रहने वाले हैं। बुधवार की शाम को विपिन सिंह का 14 वर्षीय बेटा आदित्य साइकिल समेत अचानक लापता हो गया था। बेटे के लापता होने की सूचना पर पीड़ित परिवार किसी अनहोनी की आशंका को लेकर दहशत में आ गया था। विपिन ने तत्काल इसकी सूचना थाने की पुलिस समेत पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा को दी।
बच्चे के लापता होने की सूचना पर एसपी ने तत्काल एक्शन लेते हुए ऑपरेशन मुस्कान के तहत इलाकाई पुलिस के साथ-साथ एसओजी टीम को भी बच्चे की तलाश में लगाया था। करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 2:00 बजे आदित्य को परसपुर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया|
बेटा सकुशल वापस मिला तो परिजनों के चेहरे की मुस्कान वापस लौट आई। विपिन सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्होंने एसपी को इस घटना की सूचना दी उसके बाद लगातार एसपी उनके संपर्क में रहे और उनकी हिम्मत बढ़ाते रहे।
वहीं एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया जैसे ही आदित्य के लापता होने की सूचना मिली उन्होंने तत्काल अपनी पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए सर्च अभियान चलाने का निर्देश दिया। जिसका परिणाम यह रहा कि महज 6 घंटे के भीतर बच्चे को परसपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम के इस तत्परता की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें बुके भेंट कर इस सफलता के लिए धन्यवाद दिया। पत्रकार विपिन सिंह ने भी एसपी को माला पहनाकर थैंक्यू कहा।
प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के संयोजक जानकी शरन द्विवेदी, सह संयोजक उमानाथ तिवारी, देव मणि त्रिपाठी, विशाल सिंह, चंद्र प्रकाश तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, राज मंगल सिंह, कृष्ण कुमार, अतुल यादव रोहित तिवारी, अनिल पाठक, राहुल तिवारी, दुर्गेश जायसवाल शामिल रहे।
रिपोर्ट-अतुल कुमार यादव