गुरुग्राम: गुरुग्राम में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े 2 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी| दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है| जिले के पटौदी इलाके में हमलावरों ने शराब कारोबारी दो सगे भाइयों पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ दर्जनों फायर कर दिए...खून से लथपथ हालत में दोनों भाइयों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया| जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया|
जानकारी के अनुसार सुरजीत और परमजीत दोनों ही शराब कारोबारी हैं| परमजीत पूर्व पार्षद भी रह चुका है| घात लगाए बदमाशों ने घर पर ही दोनों भाइयों पर हमला किया| हमलावरों ने एक के बाद एक लगातार कई फायर किए| गोलियों की गूंज जब तक आस पास के लोगों को सुनाई देती, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे|
घटना के बाद खोड़ गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है| इसी के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी है| घटना स्थल से पुलिस ने दर्जनों गोलियों के खोखे बरामद किए हैं| वहीं, परिजनों ने आपसी रंजिश की आशंका जताई है| मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है| आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं| जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा|
गुरुग्राम ACP (क्राइम) प्रीतपाल सांगवान ने कहा,''आपसी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने 2 लोगों पर फायरिंग की जिसमें दोनों युवकों की मृत्यु हुई। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज़ किया है। मामले में 6 क्राइम टीम मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। CCTV की मदद ली जा रही है और उसका अध्ययन कर रहे हैं|