गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के सुभाष चौक इलाके से बदमाशों ने दिनदहाड़े कैश वैन से 1 करोड़ रुपए लूटे। सोमवार को कार सवार बेखौफ बदमाशों ने सुभाष चौक के नजदीक कैश कलेक्शन करने वाली एस एंड आईबी कंपनी के कर्मचारियों की आंख में मिर्ची डालकर एक करोड़ नकदी लूट ली।
वारदात हुई उस वक्त कर्मचारी मारुति कंपनी की एजेंसी से पैसा कलेक्ट करने के लिए इको वैन में इंतजार कर रहा था। उसी दौरान कुछ बदमाश आए और वैन कर्मचारियों की आंखों में धूल झोंकी और बंदूक के दम पर एक करोड़ कैश लूट ले गए। इसी पूरी घटना से शहर में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस में DCP ईस्ट वीरेंद्र विज ने बताया, “प्राथमिक सूचना के मुताबिक 4-5 लड़के आए और आंखों में मिर्च झोंककर 1 करोड़ रुपए लूटकर ले गए। मामले में कार्रवाई जारी है।”
बताया जा रहा है कि सुबह से कर्मचारियों ने कैश कलेक्शन किया था। कलेक्शन के बाद कर्मचारी नकद को सेक्टर-53 एचडीएफसी बैंक में जमा करते हैं। सेक्टर-53 स्थित एचडीएफसी बैंक में शहर के विभिन्न इलाकों से कैश कलेक्ट करके जमा कराने का काम एस एंड आइबी नामक कंपनी करती है।
सोमवार को कंपनी के तीन कर्मचारी चार जगह से कैश कलेक्ट करके सोहना रोड पर सुभाष चौक के नजदीक मारुति कंपनी के शोरूम के सामने लगभग एक बजकर 50 मिनट पर पहुंचे थे। वैन से निकलकर एक कर्मचारी शोरूम से कैश लाने चला गया। दो उसमें ही बैठे रहे। कुछ ही मिनट बाद हथियार बंद पांच बदमाश आए और दोनों के ऊपर हथियार तानते हुए उनकी आंखों में मिर्ची झोंक दी। इसके बाद बीच की सीट पर रखे बैग को उठाकर चलते बने।
विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीछे की सीट पर भी कैश से भरे कई बैग रखे हुए थे। शायद बदमाशों की नजर उनके ऊपर नहीं गई। पुलिस ने सभी बैग को अपने कब्जे में ले लिया है।
सेंट्रो कार से थे बदमाश
जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में नाकेबंदी की गई लेकिन बदमाशों का कुछ भी पता नहीं चला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के मुताबिक बदमाश सेंट्रो कार से पहुंचे थे। यही नहीं कैश कलेक्शन वैन के पहुंचने से पहले ही यानी लगभग डेढ़ बजे सेंट्रो कार पहुंच गई थी।
सुभाष चौक होते हुए हीरो होंडा चौक की तरफ निकल गए बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सुभाष चौक होते हुए हीरो होंडा चौक की तरफ निकल गए। इसे देखते हुए पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यही नहीं मारुति कंपनी के शोरूम के सामने आने से पहले कहां से कैश ले लिया था, उसके बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है। सदर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें कई एंगल से जांच कर रही हैं।
कैश कलेक्शन वैन पिछले कई दिनों से एक ही जगह पर खड़ी हो रही थी। मारुति कंपनी के शोरूम के सामने काफी जगह है वहां पर खड़ी करके बीच रोड पर वैन क्यों खड़ी की जा रही थी। कई सवाल हैं जो कर्मचारियों के ऊपर भी संदेह खड़े कर रहे हैं।
महज 300 मीटर की दूरी पर हैं थाना
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया वहां से थाना महज 300 मीटर की दूरी पर है। बदमाशों ने इस वारदात को गुरुग्राम सोहना रोड स्थित रहेजा मॉल के सामने अंजाम दिया है। लूट की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन भी पहुंची। इसके अलावा अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी।