रायपुर: कांग्रेस का 85वां पूर्ण सत्र राष्ट्रीय अधिवेशन आज शुक्रवार (24 फ़रवरी, 2023) से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुरू हो गया है। आज पहले दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) के सभी सदस्यों को नामित करने के लिए अधिकृत करने का फैसला किया। स्टीयरिंग कमेटी ने कहा कि सीडब्ल्यूसी में चुनाव की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस की संचालन समिति ने पार्टी की शीर्ष इकाई सीडब्ल्यूसी चुनावों के मामले में स्वतंत्र रूप से चर्चा की और बैठक में उपस्थित लगभग सभी 45 सदस्यों ने सर्वसम्मति से सदस्यों को नामित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत करने का फैसला किया।
सीडब्ल्यूसी चुनावों पर अपने उद्घाटन भाषण में पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में, मैं आपसे केवल अपने आप को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने और सामूहिक रूप से निर्णय लेने का आग्रह करना चाहता हूं। आप जो भी निर्णय लेंगे, वह मेरा और सभी का निर्णय होगा।
बता दें, कांग्रेस के संविधान में कार्य समिति का चुनाव कराने और सीडब्ल्यूसी के सदस्यों को नामित करने के लिए अध्यक्ष को अधिकृत करने का प्रावधान है| पार्टी की शीर्ष इकाई सीडब्ल्यूसी में पार्टी अध्यक्ष समेत 25 सदस्य होते है। पार्टी प्रमुख द्वारा सीडब्ल्यूसी के कुल 25 सदस्यों में से 12 सदस्य नामित किए जाते हैं और 12 सदस्यों का चुनाव होता है, जो एआईसीसी सदस्यों द्वारा चुने जाते हैं।
कांग्रेस के 85वें पूर्ण सत्र राष्ट्रीय अधिवेशन में स्टीयरिंग कमेटी ने फैसला किया कि मौजूदा राजनीतिक हालात में कांग्रेस की भूमिका को ध्यान में रखते हुए और राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए सीडब्ल्यूसी में कोई चुनाव नहीं होगा| कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री स्वत: ही सीडब्ल्यूसी में शामिल हो जाएंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि,''स्टीयरिंग कमेटी में खुलकर बातचीत हुई। सभी सदस्यों ने अपनी बात रखी। सर्वसम्मति से स्टीयरिंग कमेटी ने यह तय किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को CWC के सदस्यों को नॉमिनेट करने का अधिकार दिया जाए।
जयराम रमेश ने यह भी बताया कि हम कांग्रेस के संविधान में संशोधन ला रहे हैं, जिसके तहत कमजोर वर्गो, अनूसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, महिलाओं, युवाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए प्रतिनिधित्व सुरक्षित और सुनिश्चित करने के लिए प्रावधान किया जाएगा| सीडब्ल्यूसी में एससी+एसटी+ओबीसी+महिला+अल्पसंख्यक+युवाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण...
जयराम रमेश ने कहा कि,''हमारी पार्टी के संविधान में जो संशोधन का प्रस्ताव है, उसमें 16 प्रावधानों और 32 नियमों में संशोधन किया जा रहा है। आज सब्जेक्ट कमेटी में इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
85वें महाअधिवेशन का कार्यक्रम -
-25 फरवरी: 10:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष श्री खरगे जी का संबोधन
-फिर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी सत्र को संबोधित करेंगी।
-26 फरवरी: 10:30 बजे राहुल जी का संबोधन, 2 बजे खरगे जी का भाषण और 3 बजे रैली होगी।