नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर सब-इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर में सीबीआई ने छापेमारी की है। CBI जम्मू-कश्मीर के एसआई भर्ती घोटाले के सिलसिले में जम्मू, श्रीनगर, हरियाणा के जिलों, गांधीनगर, गाजियाबाद, बेंगलुरु, दिल्ली सहित 33 स्थानों पर तलाशी ले रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, डीएसपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों के परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है।
जम्मू कश्मीर में सब इंस्पेक्टर भर्ती मामले में हरियाणा के रेवाड़ी में सीबीआई ने रेड की है। सीए अजय कुमार के घर पर सीबीआई ने दबिश दी है। घर को अंदर से बंद कर जांच चल रही है। स्थानीय पुलिस को भी मामले की जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारियों की टीम सुबह सात बजे से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू कश्मीर पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती घोटाले में अनियमितताएं सामने आने पर चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति पर रोक लगाते हुए इस पूरी भर्ती को रद्द करते हुए मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले की जांच कर रही है।