नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का कहर जारी है। पिछले तीन से हर रोज दो लाख से ज्यादा नए मरीज मिल रहे हैं। कोविड से होने वाली मौतों की संख्या ने भी सरकार से लेकर आम लोगों तक की चिंता बढ़ा दी है। देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता जताई है| साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है,वे अपने राजनीतिक कार्यक्रम, रैलियां एवं रोड शो पूरी तरह बन्द कर देने चाहिए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि,'' देशभर में कोविड की स्थिति खतरनाक रूप ले चुकी है। अब यह वायरस युवाओं और बच्चों में भी तेजी से फैल रहा है। प्रधानमंत्री जी को अब अपने राजनीतिक कार्यक्रम, रैलियां एवं रोड शो पूरी तरह बन्द कर देने चाहिए। साथ ही पूर्व की तरह राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ स्थिति जानने के लिए नियमित संपर्क बनाना चाहिए।
भारत में शनिवार को बीते 24 घंटों में 2.34 लाख से अधिक नए कोरोना मरीज मिले और 1,341 लोगों की संक्रमण के चलते जान चली गई है।ऐसा लगातार तीसरा दिन है, जब कोरना के नए मामले दो लाख से ऊपर आए हैं| केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 2,34,692 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,45,26,609 हुई। 1,341 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,75,649 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 16,79,740 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,26,71,220 है।