नई दिल्ली: लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा| वहीं अब कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियों ने पीएम मोदी के भाषण को लेकर PM मोदी पर और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है| प्रधानमंत्री मोदी के ''कोरोना की कोरोना की पहली लहर के दौरान कांग्रेस की ओर से रेलवे टिकट बांटे जाने वाले' बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि,'' लॉकडाउन लगा मज़दूरों व उनके परिवारों को बेहाली के भँवर में धकेलने वाले, ‘माफ़ी मांगने’ की बजाय मदद के लिए जुटे 'हाथ' पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। सरकार के निकम्मेपन के कारण लाखों लोगों ने अपनों को खो दिया, मग़र आज बेशर्मी से संसद में उनकी पीड़ा पर हँसी-ठिठोली की गई। याद रखा जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि,''आज सदन में खूब “प्रोपोगंडा” - भारत सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था है। हक़ीकत- • भारत में मुट्ठी भर अमीरों की ग़ुलाम सरकार है, • अमीरी और ग़रीबी में विभाजित अर्थव्यवस्था है, • 142 अमीरों की सम्पति ₹23,14,000 CR से बढ़ ₹53,16,000 हो गई और 84% घरों की आय टूट गई।
सुरजेवाला ने कहा कि,'राजा ने 13/2/2016 को “मेक इन इंडिया” का नारा दे मैन्युफ़ैक्चरिंग को साल 2022 तक GDP का 25% करने का वादा किया। आज फिर दोहराया। हक़ीक़त - मैन्युफ़ैक्चरिंग साल 2015-16 में GDP का 17% से घट कर साल 2020-21 में 14% हुई। हाँ, चीन से 1 साल में आयात 46% बढ़ $66 बिलियन से $97 बिलियन हुआ|
20 जून, 2020 को दो दिए गये प्रधानमंत्री मोदी के ''भारत की सीमा में न कोई घुसा है और न कोई घुसा आया है वाले' बयान पर सुरजेवाला ने कहा कि,''राजा ने 20 जून को कहा, “न कोई देश में घुसा, न कोई आया”। आज फिर संसद ने खुद की मज़बूती की दुहाई दी। हक़ीक़त - • चीन से लद्दाख़ में क़ब्ज़े को लेकर 14 बार वार्ता। • चीन ने Y जंक्शन तक डेपसांग प्लेन में क़ब्ज़ा किया। • चीन ने गोगरा-होट स्प्रिंग में क़ब्ज़ा किया।
सुरजेवाला ने कहा कि,'''संसद में बात होनी थी -: 12 CR गए रोज़गारों की, 23 करोड़ मजबूर ग़रीबों की, 700 किसानों की शहादत की, ₹27/दिन किसान की आय रह जाने की, 84% घरों की घटी आमदनी की, 30 साल में सबसे ज्यादा महंगाई की, 40-60 लाख कोरोना से मरने वालों की, मग़र अहंकार को तो अभी भी चुनाव हारने का इंतज़ार है।
सुरजेवाला ने कहा कि,''तो अंत में 'मन की बात' ये है- तुम अगर 'मेरे पूंजीपति मित्रों को' न चाहो तो कोई बात नहीं... तुम ग़रीबों, मजदूरों, नौजवानों और किसानों को चाहोगे तो मुश्किल होगी।
मोदी सरकार के गलत नीतियों के वजह से लोग जाने को मजबूर हुए
मोदी के ''कोरोना की कोरोना की पहली लहर के दौरान मुंबई में कांग्रेस की ओर से रेलवे टिकट बांटे जाने वाले' बयान पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि अंतराष्ट्रीय उड़ानें बंद कर देनी चाहिए ताकि मामले ना बढें, लेकिन ऐसा नहीं किया गया| हमने 106 ट्रेनों से लोगों को भेजा... उसके बाद सरकार ने जब कहा कि वो 75 फीसदी किराया माफ कर रहे हैं तो हमने बाकी 25 फीसदी रकम भरने का काम किया और उनके खाने पीने का इंतज़ाम किया| गलत नीतियों के वजह से लोग जाने को मजबूर हुए| मुंबई में मृतकों के शव को उनके घर तक पहुंचाया गया था... उत्तर प्रदेश में गंगा किनारे वो शव थे| जनता को सबकुछ याद है|
लॉकडाउन का ऐलान किसने किया?
लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि,''लॉकडाउन का ऐलान किसने किया? मज़दूरों के खाने और रहने का कोई इंतज़ाम नहीं किया गया, आपने ये सब नहीं देखा? भूखे पेट नंगे पांव उन्होंने सफर तय किया। लॉकडाउन के दौरान लाखों लोगों की मृत्यु का ज़िम्मेदार कौन है?
अगर मजदूरों की मदद करना मोदी की नजर में गलत है तो 100 करेंगी बार ऐसी गलतियां
प्रधानमंत्री के 'जब लॉकडाउन लगा था, उस वक्त मुंबई से श्रमिकों को यूपी-बिहार भेजा गया बयान पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार को कहा कि अगर कोरोनावायरस महामारी के कारण अचानक लागू हुए लॉकडाउन के बाद फंसे हुए प्रवासियों की देखभाल करना प्रधानमंत्री की नजर में गलत था, तो हम मानवता की खातिर इस गलती को 100 बार दोहराएंगे|
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘जब श्रमिक ट्रेनें शुरू हुईं, तो क्या देश भूल सकता है कि इन गरीब मजदूरों से टिकट के लिए कैसे पैसा लिया जा रहा था? ऐसे में उनका किराया देने के लिए राज्य सरकार आगे आई|’
थोड़ी सी भी इंसानियत होती तो आप ऐसा नहीं कहते
कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रधानमंत्री के बयान पर उन पर हमला बोला| पवन खेड़ा ने कहा, ‘आप देश के प्रधानमंत्री हैं| लॉकडाउन की घोषणा से पहले आपने सिर्फ 4 घंटे का समय दिया था..आपने दिहाड़ी मजदूरों के बारे में नहीं सोचा| थोड़ी सी भी इंसानियत होती तो आप ऐसा नहीं कहते| थोड़ी सी भी शर्म होती तो आज आप उन मजदूरों से माफी मांग लेते|
महुआ मोइत्रा ने भी पीएम पर बोला हमला
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पीएम के जवाब की आलोचना की| उन्होंने कहा कि हाउडी ट्रम्प कार्यक्रम का आयोजन करने वाली सरकार ने लोगों से थाली पीटने के लिए कहा और दीए जलाने को कहा| अब कोविड वायरस फैलाने के लिए विपक्ष को दोषी ठहराया जा रहा है.... उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘क्या वो सरकार जिसने हाउडी ट्रम्प कार्यक्रम आयोजित किया, फिर लोगों से थाली पीटने के लिए कहा और अब कोरोना फैलाने के लिए विपक्ष को दोष दे रही है? क्या यह खास चीज सिर्फ हिमालय की गुफाओं में ही मिलती है? बस ऐसा सोच रही हूं..
महंगाई को कांग्रेस सरकार के समय वाले स्तर पर ला दीजिए
कांग्रेस ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी, महंगाई को कांग्रेस सरकार के समय वाले स्तर पर ला दीजिए। आइए कदम उठाइए और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें ₹900 से घटाकर ₹410 कर दीजिए। अब झूठ से शासन नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री संसद की गरिमा का ख्याल रखें और संसद में झूठ बोलना बंद करें। महंगाई को बारीकी से हैंडल करने का दावा झूठा है, बेबुनियाद है। देश की जनता महंगाई से त्रस्त है।