नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के पांचवें दिन ईडी कार्यालय पहुंचे| प्रवर्तन निदेशालय (ED) ऑफिस में नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से पूछताछ जारी है। मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED की टीम अब तक 4 दिन में 40 घंटे की पूछताछ कर चुकी है। इसी मामले में ED कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से 23 जून को सवाल करेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से पैदल मार्च निकाला। पार्टी नेता जंतर-मंतर जा रहे थे, लेकिन कुछ दूरी पर ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। कुछ कार्यकर्ता आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें घसीटकर हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेता अलका लांबा पुलिस से भिड़ गईं। वे सड़क पर बैठ गईं। पुलिस वालों ने उन्हें उठाने की कोशिश की तो उनकी पुलिस ने नोकझोंक हो गई। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है और उन्हें बसों में बैठाकर अलग-अलग थानों में भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा कि,''कल 'अग्निपथ' के मुद्दे पर मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी और वेणु गोपाल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कुल 7 सदस्य राष्ट्रपति से मिलने गए थे। हमारा पहला मुद्दा ये है कि 'अग्निपथ' को वापस लिया जाए क्योंकि ये देश के हित में नहीं है|
भूपेश बघेल ने कहा कि'''दूसरा मुद्दा है कि राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। वो किसानों, नौजवानों, महंगाई, बेरोज़गारी और केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार की बात करते हैं, इसलिए उनसे 5 दिन से पूछताछ हो रही है। उनका साथ देने वाले कार्यकर्ताओं की पीठ पर लाठियां बरसाई जा रही हैं|
ED ऑफिस जाने से पहले प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा,''आपके समय के साथ सुधार वाले फायदों के परिणाम देश की जनता हर दिन भुगत रही है। नोटबंदी, गलत GST, CAA, रिकॉर्ड महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, काले कृषि कानून और अब अग्निपथ से प्रहार। भाजपा का 'अच्छा' मतलब, देश के लिए घातक।