नई दिल्ली: हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने आज दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की| दिल्ली में राहुल गांधी के साथ हरियाणा कांग्रेस नेताओं की बैठक लगभग तीन घंटे तक चली| इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा समेत हरियाणा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे|
बैठक के बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि बैठक में राहुल गांधी के सामने सभी नेताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया गया| उन्होंने कहा कि निष्कर्ष यही निकला कि नेताओं के बीच आपसी मतभेद दूर हों और सभी एकजुट हो कर पार्टी के लिये काम करें|
वहीं संगठन और नेतृत्व में फेरबदल के सवाल पर विवेक बंसल ने कहा कि मीडिया में इस तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन बहरहाल इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई है| आज की बैठक पार्टी को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में सभी नेता एकजुट हो कर काम करें, इस बात पर ही केंद्रित रही है|
प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि चुनाव जल्द होंगे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर सके कि कब तक चुनाव करा लिये जाएंगे|
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि,''इसमें कोई संदेह नहीं है कि नए जोश के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के संबंध में ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें संबोधित करने की आवश्यकता है। लोगों ने खुद को व्यक्त किया और राहुल गांधी ने सुना, वे सभी से एक साथ मिले|
बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि,'' पार्टी में आपसी मतभेद होना सामान्य बात है, लेकिन नेताओं के बीच कोई मनभेद नहीं है, मतभेद दूर हो सकते हैं| हुड्डा ने कहा कि,''चुनाव के लिए पार्टी को कैसे मजबूत किया जा सकता है, इस पर सभी ने अपने विचार रखे। किसी के बीच कोई कटुता नहीं है और हम एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे|