नई दिल्ली: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि,"गुलाम नबी आजाद ने भाजपा की बी टीम बनने के लिए बहानों के साथ पार्टी से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। वह पार्टी को धोखा देने का मन बहुत पहले से बना चुके थे| बता दें कि, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दिया। कांग्रेस छोड़ने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर जाएंगे और अपनी पार्टी बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह भाजपा के संपर्क में नहीं हैं।
गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि,"गुलाम नबी आजाद पार्टी को धोखा देने का मन बहुत पहले से बना चुके थे। जब उन्होंने कुछ साथियों के साथ पहला पत्र लिखा था, उस समय ही उनकी मंशा बिल्कुल साफ थी। फिर भी हम लोगों को उम्मीद थी कि सब ठीक ह?? जाएगा। इतने सालों का पार्टी से रिश्ता है, वो उसका मूल्य समझेंगे।
हरीश रावत ने कहा कि," मगर अनंतोगत्वा भाजपा की बी टीम बनने के लिए गुलाम नबी आजाद ने कई-कई बहानों के साथ पार्टी से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। मैं बहाना शब्द इसलिए कह रहा हूं क्योंकि गुलाम नबी साहब लंबे समय तक पार्टी के कर्ताधर्ता रहे हैं। उस समय भी ऐसे ही कुछ मिले-जुले सवाल उठते थे। पार्टी में ऊंच-नीच होता था। मगर जिस प्रकार गुलाम नबी आजाद ने ऐसे समय में पार्टी को धोखा दिया है, वह पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का अपमान है। पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने पिछले दो-तीन महीनों के अंदर पूरी शक्ति लगाकर पार्टी को संघर्ष के लिए तैयार कर दिया है, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार रैली और भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक होगी।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस से आजाद हुए गुलाम
हरीश रावत ने कहा कि," गुलाम नबी आजाद के त्यागपत्र का कार्यकर्ताओं व कांग्रेस के मनोबल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। गुलाम नबी आजाद को यह नहीं भूलना चाहिए कि यह कांग्रेस पार्टी व गांधी-नेहरू परिवार ही था जिसने उन्हें देश के नेतृत्व की शीर्ष पंक्ति तक पहुंचाया। गुलाम नबी आजाद को अनंतोगत्वा अपने निर्णय पर पछताना पड़ेगा, वो भाजपा की बी टीम बनकर रह जाएंगे।
Also Read: Need 'Congress Jodo Yatra' Before 'Bharat Jodo Yatra': GN Azad