नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को अपने सरकारी आवास 10 जनपथ पर पार्टी नेताओं के साथ एक आपात बैठक की। 4 घंटे तक चली इस मीटिंग में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) भी शामिल हुए। प्रशांत किशोर (PK) ने इस दौरान कांग्रेस को देशभर में मजबूत करने के लिए एक डिटेल प्रेजेंटेशन दिया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उस पर अमल के लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की है। बैठक में कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे ,जय माकन पार्टी ,कांग्रेस नेता राहुल गांधी और के.सी.वेणुगोपाल भी मौजूद हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर आयोजित कांग्रेस पार्टी की बैठक करीब 4 घंटे तक चली। बैठक में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने 2024 के चुनाव को लेकर भी एक विस्तृत खाका पार्टी के समक्ष पेश किया| कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि,''2024 में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने एक प्रेजेंटेशन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और कुछ बड़े नेताओं के सामने पेश की। उनके इस प्रेजेंटेशन पर समीक्षा के लिए टीम बनाई जाएगी, जो कुछ समय बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और उसके बाद आखिरी निर्णय लिया जाएगा|
PK ने अपने प्रजेंटेशन में 2024 के चुनाव में भाजपा को हराने का रोडमैप बताया। सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में सिर्फ 370 सीटों पर फोकस करे। देशभर में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं। प्रशांत किशोर ने दूसरा सुझाव यह दिया कि जहां कांग्रेस कमजोर है, वहां ड्राइविंग सीट मजबूत सहयोगी को दे देकर साथ चुनाव लड़े।
प्रशांत किशोर ने अपने प्रजेंटेशन में कहा कि कांग्रेस पार्टी को 370 सीटों पर ध्यान देना चाहिए| कांग्रेस को यूपी, बिहार और ओडिशा में अकेले लड़ना चाहिए। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में कांग्रेस को गठबंधन में लड़ना चाहिए | प्रशांत किशोर की बातों पर राहुल गांधी ने भी सहमित जताई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत किशोर आने वाले दिनों में कांग्रेस में शामिल होंगे, लेकिन उन्होंने पार्टी में कोई खास पद नहीं मांगा है।
10 से ज्यादा नेता हुए शामिल
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर पार्टी के 10 से ज्यादा नेताओं को बुलाया गया है। इनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, एके एंटोनी, दिग्विजय सिंह, अजय माकन, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, पी. चिदंबरम और रणदीप सुरजेवाला मौजूद रहे।