नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी नाजुक है| उनका इलाज हरियाणा स्थित गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा है| वह इंटेंशिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती हैं| विशेषज्ञों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है| बुधवार 05 अक्टूबर, 2022 को अस्पताल द्वारा जारी हुई हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, पूर्व सीएम की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है| उनका इलाज मेदांता अस्पताल के आईसीयू में जीवन रक्षक दवाइयों के द्वारा हो रहा है|
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया,'' ''मेदांता अस्पताल ने जारी किया आदरणीय नेताजी का हेल्थ बुलेटिन - मुलायम सिंह यादव जी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और जीवन रक्षक दवाओं पर उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में विशेषज्ञों की एक व्यापक टीम द्वारा किया जा रहा है।
इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव का हालचाल जाना| इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से उनके सेहत को लेकर बातचीत की| खट्टर ने कहा कि,''मुलायम सिंह यादव पिछले कुछ दिनों से यहां भर्ती हैं। मैं कामना करता हूं कि वे जल्द ठीक हो जाएं। मैं उनसे मिल कर आया हूं। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला भी यहां भर्ती हैं मैं उनसे भी मिलकर आया हूं|
बता दें कि, मुलायम सिंह यादव को रविवार, 02 अक्टूबर, 2022 को मेदांता में भर्ती कराया गया था। यहां पर मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से इलाज चल रहा है। मेदांता अस्पताल के मेडिकल डॉयरेक्टर डॉ. संजीव गुप्ता ने मंगलवार दोपहर (04 अक्टूबर, 2022 को) बाद बताया था कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ICU में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव सहित परिवार के कई लोग गुरुग्राम में ही रूके हुए हैं ।