नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद,''कल यानी मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा था कि वे पीसीसी के पुनर्गठन की सुविधा के लिए अपना इस्तीफा दें।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को आप के हाथों हार मिली है| पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस केवल 18 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी है| पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ही पार्टी ने नवजोत सिंह सिद्धू पर भरोसा जताते हुए उन्हें कांग्रेस की पंजाब ईकाई का प्रमुख बनाया गया था| लेकिन सिद्धू अपनी जिम्मेदारी को सही से निभा नहीं सके|
वहीं पंजाब समेत पांच राज्यों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस आलाकमान बड़े बदलाव की तैयारी में लग गया है| ऐसे में सबसे पहले पार्टी की ओर से इन राज्यों के पार्टी प्रमुखों से इस्तीफे मांग गए हैं|
प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने 'कल यानी मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सोशल मीडिया पर लिखा था,''विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार। कार्यकर्ता के तौर पर आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहूंगा।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लिखा ,''प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए आज मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। गणेश गोदियाल ने कहा,''मैं परिणाम के दिन ही इस्तीफा देना चाहता था पर हाईकमान के आदेश की प्रतिक्षा पर रुका था|
गणेश गोदियाल ने कहा,''आज दिल्ली पंहुच कर जैसे ही यह अवगत हुआ कि अन्य वह सभी राज्यों के जबावदेह पदाधिकारी, जहां चुनावों में आशातीत सफलता नहीं मिली, अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, मैंने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर संघर्ष करता रहूंगा।