मुंबई: यूक्रेन में फंसे 219 भारतीयों को लेकर पहली निकासी उड़ान महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। यूक्रेन में फंसे 219 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया की पहली निकासी उड़ान मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंची। स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल हवाई अड्डा पर मौजूद रहे।
एयर इंडिया फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा ,''हम अपने छात्रों को घर वापस लाकर बहुत खुश हैं। जब हम यहां मुंबई पहुंचे तो छात्र खुशी से झूम उठे। हमें यह अवसर देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद|
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा,''इस संकट की शुरुआत के बाद से, हमारा मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में फंसे प्रत्येक भारतीय को वापस लाना था। यहां 219 छात्र पहुंचे हैं। यह पहला जत्था था, दूसरा जल्द ही दिल्ली पहुंचेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वे सभी घर वापस नहीं आ जाते|
यूक्रेन से लौटे एमबीबीएस के एक छात्र का कहना है, "मुझे भारत सरकार पर भरोसा था कि वे हमें हमारे देश में जरूर वापस लाएंगे। कुछ डर और घबराहट थी, लेकिन हम भारत वापस आकर बहुत खुश हैं।"
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा, हमारे बच्चे सुरक्षित स्वदेश पहुंच गए हैं| बीएमसी ने उनकी सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए हैं| बीएमसी ने उनकी सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए हैं|
पेडनेकर ने कहा कि उनके अस्थायी तौर पर रहने-खाने, कोरोना टेस्टिंग समेत सभी तरह के इंतजाम बीएमसी करेगी और उसका खर्च भी उठाएगी| रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से सुरक्षित लाए गए भारतीय छात्रों ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की प्रशंसा भी की है| उनका कहना है कि उनका अच्छे से ख्याल रखा गया| हालांकि अभी भी बहुत से भारतीय छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं और गोलाबारी के बीच बंकरों में शरण लिए हुए हैं| भारत सरकार उन सभी की सुरक्षित वापसी में जुटी हुई है|