लखनऊ/नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। समाजवादी पार्टी ने कहा, "सरकारी संपत्तियों को बेचने,महंगाई और बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं को जबरन गिरफ्तार करवा रही भाजपा। लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है दमनकारी भाजपा सरकार।
मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी पर समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि,“ 2024 से पहले ही अपनी हार मान चुकी केंद्र की मोदी सरकार अलग प्रदेशों में विपक्षी राजनीतिक शक्तियों को झूठे मुक़दमों में फँसा रही है|
मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी ने ट्वीट कर लिखा, "मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार 2024 से पहले ही अपनी हार मान चुकी है, इसीलिए अलग-अलग प्रदेशों में विपक्षी राजनीतिक शक्तियों को झूठे मुक़दमों में फँसा रही है, लेकिन संघर्षशील लोग जेल जाने से नहीं डरते। '' यादव ने कहा कि,“सच को भला कब तक गिरफ़्तार रखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली शराब घोटाला: आठ घंटे पूछताछ के बाद डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को CBI ने किया गिरफ्तार
आबकारी नीति मामले में सीबीआई ने रविवार (26 फरवरी, 2023) को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से 8.5 घंटे की पूछताछ के बाद रविवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सिसोदिया को शराब मामले में आरोपी बनाया गया था और उन्हें पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। रविवार (26 फरवरी, 2023) को यह उनका दूसरा समन था और आप नेता सिसोदिया को आशंका थी कि उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शराब नीति मामले में CBI द्वारा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के गिरफ्तार किए जाने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मनीष सिसोदिया के आवास पहुंचे। केजरीवाल ने कहा, "मनीष बेक़सूर हैं। उनकी गिरफ़्तारी गंदी राजनीति है। मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे। इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे। हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा।