कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए COVID-19 की स्थिति पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने कोरोना महामारी में कुप्रबंधन किया और टीके का निर्यात कर देश में इसकी कमी होने दी|
कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के गठबंधन वाली प्रदेश सरकारों में शामिल पार्टी के मंत्रियों की बैठक में यह भी कहा कि कोरोना के संक्रमण के प्रसार से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने तथा साथ ही कमजोर तबकों की मदद करने की जरूरत है| वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे|
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा,'''कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोविड के बढ़ते संकट के मद्देनजर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी बात रखी।श्रीमती सोनिया गांधी जी ने कहा कि इस संकट के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सावधानी से कदम उठाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
'दूसरी वेव के दौरान वैक्सीन पहले देशवासियों के लिए उपलब्ध कराई जानी चाहिए बाद में बाहर भेजी जानी चाहिए। इस पूरे संकट के चलते आई आर्थिक सुस्ती के कारण वंचित तबकों व छोटे व्यवसायों पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इन तबकों को मदद करना बहुत जरूरी है।
COVID-19 की स्थिति पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक में सोनिया गांधी ने कहा,, ‘कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ रहा है और ऐसे में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम मुद्दों को उठाएं और सरकार पर दबाव बनाएं कि वह जनसंपर्क की तरकीबें अपनाने की बजाय जनहित में काम करे| उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘पारदर्शिता होनी चाहिए| सरकार को कांग्रेस शासित समेत सभी राज्यों में संक्रमण और मौत के वास्तविक आंकड़े पेश करने चाहिए|
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘हमें सबसे पहले भारत में टीकाकरण अभियान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और इसके बाद टीके का निर्यात करना और दूसरे देशों के तोहफे में देना चाहिए| हमें इस बात पर जोर देना होगा कि जिम्मेदाराना व्यवहार हो और बिना किसी अपवाद के कोविड संबंधी दिशानिर्देंशों एवं सभी कानूनों का पालन किया जाए|