गाज़ियाबाद/नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने गाज़ियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर परेड का निरीक्षण किया। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर आज भारतीय वायुसेना अपनी 88वीं वर्षगांठ मना रही है। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने गाज़ियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर युद्ध सेवा मेडल, वायु सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मंडल और यूनिट प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
हिंडन एयरबेस पर आयोजित कार्यक्रम में राकेश सिंह भदौरिया ने कहा कि ,''यह वर्ष वास्तव में अभूतपूर्व रहा, दुनिया भर में COVID-19 तेज़ी से फैला। इस पर हमारे देश की प्रतिक्रिया दृढ़ थी। हमारे योद्धाओं की दृढ़ता और संकल्प ने सुनिश्चित किया कि भारतीय वायुसेना इस दौरान अपने फुल स्केल ऑपरेशन की क्षमता को बनाए रखे|
एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने कहा कि,''मैं राष्ट्र को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारतीय वायु सेना हमारे देश की संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए सभी परिस्थितियों में हमेशा तैयार रहेगी| उन्होंने कहा कि,मैं हाल ही में गतिरोध के दौरान उत्तरी सीमा पर शीघ्र तैनाती के लिए वायु योद्धाओं की सराहना करना चाहता हूं|आने वाले वर्षों में अंतरिक्ष क्षेत्र महत्वपूर्ण बनने की संभावना है|
प्रधानमंत्री ने एयर फोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि,आप न सिर्फ देश के आसमान को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि आपदा के समय मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। मां भारती की रक्षा के लिए आपका साहस, शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है|
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर वायुसेना दिवस की शुभकामनाएं दीं। राजनाथ सिंह ने कहा, "हम आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण के जरिए भारतीय वायुसेना की युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे विश्वास है कि चाहे कुछ भी हो भारतीय वायुसेना हमेशा राष्ट्र के आसमान की रक्षा करेगी।"