नई दिल्ली/मुंबई: महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, हमारा गठबंधन शिवसेना से है, उनके घर में क्या चल रहा है वे उद्धव ठाकरे जी देखेंगे। इससे भाजपा का असली चेहरा दिखाई दे रहा है, वे कहीं भी विरोध बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है। सरकार चलेगी क्योंकि BJP भी सरकार नहीं बना सकती|
कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा,'वे (BJP) कुछ हलचल कर सकते हैं, खरीद फरोख्त करके अस्थिरता पैदा कर सकते हैं लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। इससे साफ पता चलता है कि भाजपा सिर्फ सत्ता की भूखी है|
भाजपा के साथ जाने का सवाल ही नहीं: पवार
वहीँ, महाराष्ट्र में सरकार गिरने पर विकल्पों पर शरद पवार ने कहा," भाजपा के साथ जाने का सवाल ही नहीं.... विपक्ष में बैठना स्वीकार है| पिछले ढाई साल में यह तीसरी ऐसी घटना है...इससे पहले हमारे विधायकों को बुलाकर हरियाणा में रखा गया था लेकिन बाद में हमने सरकार बनाई और सरकार सही से चल रही है| यह तीसरी बार सरकार गिराने की कोशिश हो रही हैं |
एकनाथ शिंदे और 35 विधायक गुजरात में: BJP
महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, एकनाथ शिंदे और 35 विधायक गुजरात जा चुके हैं| पाटिल ने कहा, राज्यसभा और MLC चुनावों के लिए BJP को निर्दलीय और छोटे राजनीतिक दलों का समर्थन मिला है। हमारी जानकारी के अनुसार एकनाथ शिंदे और 35 विधायक जा चुके हैं। इसका मतलब है कि तकनीकी रूप से राज्य सरकार अल्पमत में है|