नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पीएम मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा और राज्य को देय 1,00,968.44 करोड़ रुपये की केंद्रीय निधि जारी करने की मांग की|
ममता बनर्जी और पीएम मोदी के बीच मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद उनकी पार्टी TMC संकट से जूझ रही है।
ममता बनर्जी नई दिल्ली के चार दिवसीय दौरे पर हैं। बनर्जी का शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने का कार्यक्रम है। गुरुवार को ममता बनर्जी ने दिल्ली में अपनी पार्टी के सांसदों से मुलाकात की और उनके साथ संसद के मौजूदा सत्र और 2024 के लोकसभा चुनाव की राह पर चर्चा की।
सूत्रों ने बताया कि ममता बनर्जी सात अगस्त को नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगी। विपक्षी नेताओं के साथ बैठक भी हो सकती है।बंगाल की सीएम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिल सकती हैं|