इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले में बड़ा हादसा हो गया। ज़िले के सिमरोल थाना क्षेत्र में इंदौर-खंडवा मार्ग पर एक बस खाई में गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई| 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के लिए इंदौर ले जाते समय दम तोड़ दिया।
पुलिस मौके पर मौजूद है और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। बस में 50 से 60 लोग मौजूद थे। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया।
बताया जाता है कि गुरुकृपा ट्रैवल्स की बस इंदौर से खंडवा जा रही थी। सिमरोल थाना क्षेत्र में इंदौर-खंडवा मार्ग पर भैरव घाट के पास बस अनियंत्रित होकर 40-50 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस पूरी तरह उलट गई। उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। घटना की जानकारी लगते ही तत्काल 108 एंबुलेंस सहित पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इंदौर DM मनीष सिंह ने कहा,,'खंडवा इलाके के एक घाट में 40 से अधिक सवारियां लेकर जा रही बस पुलिया से 20 -25 फुट नीचे खाई में गिर गई। मामले 20 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। घायलों को लगातार अस्पताल लाया जा रहा है और सभी का निशुल्क इलाज हो रहा है|
DM ने कहा,''5 लोगों की डेड बॉडी अस्पताल लाई गई थी, एक की मृत्यु इलाज के दौरान हुई है। अभी कुल मौतों का आंकड़ा बता पाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने मृतकों को 4 लाख और घायलों को 50 हज़ार रुपए देने का ऐलान किया है|
इंदौर डीएम मनीष सिंह कहा,''मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थिति का जायजा लिया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हज़ार रुपए देने की घोषणा की है। बस मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज़ करने के निर्देश दिए गए हैं|
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने हादसे पर ट्वीट करते हुए शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि इंदौर के सिमरोल के पास बस दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा,''जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। समस्त घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है|