जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार सुबह सड़क पर दौड़ रही बस करंट की चपेट में आ गई। जैसलमेर में एक बस के करंट की चपेट में आने के बाद 3 लोगों की मृत्यु और 6 लोग घायल हुए। हादसा जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर पोलजी की डेयरी गांव के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि उक्त मार्ग पर बस की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य चल रहा था। बस के ऊपर चढ़े युवक के करंट की चपेट में आने से पूरी बस में करंट प्रवाहित हो गया। इस घटना में छत पर सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना में मरने वाले दो युवक तो राणाराम मेघवाल और नारायणराम मेघवाल सगे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं तीसरे मृतक की पहचान पदमाराम मेघवाल के रुप में हुई है। बस में सवार अधिकतकर यात्री खुईयाला गांव के रहने वाले हैं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इसमें गंभीर यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया है।
जैसलमेर के SP ने बताया, "जब बस गुजऱ रही थी तो उस वक़्त सड़क के ऊपर बिजली की एक तार ने बस को छुआ। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया हैं। मामले में जांच जारी है।"
डॉ वी.के. शर्मा ने बताया, "3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर था, उसे जोधपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। 4 अन्य मरीजों को चिकित्सालय में रखा गया है।"
हादसे पर सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया है| मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा,'' जैसलमेर में बस में करंट से तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है, शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।