जालौन: जालौन में अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार एक युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला डकोर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव का है।
बताया गया है कि ग्राम कुसमीलिया निवासी राघवेन्द्र (28) पुत्र रामहेत मुखिया मेडिकल कॉलेज उरई में संविदा पर वार्ड ब्वाय था। वह रोज की तरह वह स्कूटी से अपने घर ग्राम कुसमिलिया जा रहा था। तभी मुहम्मदाबाद में ईदगाह के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे में राघवेन्द्र बुरी तरह घायल हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गण्। जहां एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन एम्बुलेंस आने में देरी होते देख भाई धर्मेंद्र ने घायल राघवेन्द्र को बाइक पर बैठाकर जिला चिकित्सालय ले ही जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर डकोर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है एक साल पहले भी एक दुर्घटना में राघवेन्द्र का पैर टूट चुका था। परिजनों ने बताया छह महीने पहले ही राघवेन्द्र की शादी हुई थी।