जम्मू: जम्मू के सिधरा इलाके में एक परिवार के 6 सदस्य अपने आवास पर मृत पाए गए। सिधरा इलाके में एक मुहल्ले में दो अलग-अलग घरों से 6 शव मिले हैं| एक घर में 2 शव मिले हैं, जबकि दूसरे घर में 4 शव मिले हैं। 2 घरों से छह लोगों के शवों के मिलने से इलाके में दहशत पैदा हो गई है।
मरने वालों में एक महिला, उसकी दो बेटियां, एक बेटा और 2 रिश्तेदार शामिल हैं| इन लोगों की मौत कैसे हुई, अभी इसका पता नहीं लग पाया है| हालांकि, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है| पुलिस के मुताबि़क़ एक घर में नूर-उल-हबीब पुत्र हबीबुल्लाह, सज्जाद अहमद पुत्र फारूक अहमद मगरे, सकीना बेगम पत्नी स्वर्गीय गुलाम हसन और सकीना बेगम की बेटी नसीमा अख़्तर के शव मिले|
पुलिस ने आसपास के पड़ोसियों से बात की तो पता चला कि सकीना बेगम का घर दूसरा है। इसके बाद जांच के लिए जब पुलिस की एक टीम सकीना बेगम के घर पहुंची तो वहां पर दो शव पड़े हुए मिले। ये शव सकीना बेगम के बेटे जफर सलीम और दूसरी बेटी रुबीना बानो के थे| इन लोगों की मौत कैसे हुई... पुलिस विभाग ने इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा है। सभी शवों को जम्मू राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
जम्मू के सिधरा क्षेत्र में 2 मकान से 6 लोगों के शव बरामद होने पर जम्मू के SSP चंदन कोहली ने बताया,''कल रात 10 बजे हमें एक महिला की कॉल आई जिसमें उन्होंने कहा कि उनके भाई उनका फोन कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। घर जाकर पाया गया कि 4 लोगों के शव हैं। इसके पास एक और मकान में 2 और लोगों के शव मिले| इनमें से एक शव महिला के भाई नूरुल हबीब का है और बाकी के 5 शव एक ही परिवार के हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच के लिए एक टीम गठित की गई है|