बारामूला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,''सरकार ने पॉलीटिकल प्रोसेस शुरू किया है और वे लोगों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि जैसे ही चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची बनाने का काम समाप्त हो जाएगा,पूरी पारदर्शिता के साथ कश्मीर के अंदर चुनाव करा दिए जाएंगे और जनता के खुद के चुने हुए नुमाइंदे यहां शासन करेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले परिसीमन इस प्रकार किया गया था कि केवल तीन परिवार के लोग ही चुनकर आते थे लेकिन अब जो परिसीमन हुआ है उसके परिणाम स्वरूप जनता के नुमाइंदे जीतकर आएंगे और वे ही शासन करेंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कश्मीर को दहशतगर्दी से लगभग मुक्त कर दिया है। उन्होने लोगों से कहा कि अगर उनके गाँव में कोई दहशतगर्दों का साथ देता है तो उसे समझाए और मुख्य धारा में वापस लाइये क्योंकि दहशतगर्दी और आतंकवाद से कश्मीर का भला नहीं हो सकता, कश्मीर का भला जम्हूरियत, इंडस्ट्रिय्लाइजेशन, AIIMS, IIM और IIT से होने वाला है।
केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा कि तीन परिवारों के शासन के दौरान जम्मू और कश्मीर में 132 करोड़ रुपये का बजट था वहीं 2022-23 में प्रधानमंत्री मोदी जी के शासन में यह बजट 132 करोड़ रुपये से बढ़कर 1515 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। डीडीसी और पीडीसी के लिए अलग से 110 करोड़ रुपये दिये गए हैं।
शाह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में पाँच नए डिग्री कॉलेज भी खोले जा रहे हैं और बारामूला के गुर्जर-बकरवाल बच्चियों के लिए सौ बिस्तर की क्षमता के साथ एक रेजिडेंस स्कूल बनाने का काम भी मोदी सरकार ने किया है। बारामुला में सरकारी मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है जो यहाँ के बच्चों को डॉक्टर बनाकर कश्मीर के गरीब भाई-बहनों का इलाज करने में सक्षम बनाएगा।
उन्होने कहा कि जम्मू कश्मीर में 1947-2014 तक सिर्फ 4 मेडिकल कॉलेज ही बनाए गए वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने 2014-22 तक 9 नए मेडिकल कॉलेज और 15 नर्सिंग कॉलेज बनाए हैं। इसके चलते जहां पहले जम्मू कश्मीर से सिर्फ 500 डॉक्टर ही निकलते थे अब 1300 डॉक्टर पढ़ाई पूरी कर देश और जम्मू कश्मीर की सेवा करेंगे। शाह ने कहा कि कश्मीर में एम्स,नीट, बीएससी नर्सिंग कॉलेज और 2 केन्सर इंस्टिट्यूट भी बनाये गये हैं। अनंतनाग और बारामूला में नए मेडिकल कॉलेज और जम्मू और कश्मीर में 2 कलस्टर विश्वविद्यालय बनाए गए हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पहले धारा-370 के कारण गुर्जर-बकरवाल और पहाड़ी भाइयों को शिक्षा, चुनाव और नौकरियों में आरक्षण का फायदा नहीं मिल पाता था लेकिन अब अनुच्छेद-370 हटने के बाद इन सबको आरक्षण मिलेगा। इसके लिए मोदी जी ने एक जस्टिस शर्मा आयोग बनाया जिससे फिर से एक बार एसटी, एससी और ओबीसी का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर जातियों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। जहां इससे पहाड़ी भाइयों को आरक्षण मिलेगा वहीं गुर्जर भाइयों को अब तक जितना आरक्षण मिलता आया है वो मिलता रहेगा, उस पर कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री जी ने जो यह व्यवस्था की है वो जम्मू-कश्मीर में सुधार का रास्ता बनाएगी।
अमित शाह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में 42000 लोग मारे गए वो सब गरीब के बेटे थे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद समाप्त हो और जम्मू-कश्मीर भारत का स्वर्ग बनकर रहे। गृह मंत्री ने लोगों से जम्मू-कश्मीर से दहशतगर्दी को उठाकर फेंक देने की अपील की। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार दहशतगर्दी को कतई सहन नहीं करेगी। जम्मू-कश्मीर में चाहे घाटी हो या जम्मू, श्रीनगर हो या बारामूला, प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में सरकार ने सब जगह सर्वांगीण विकास का काम किया है। उन्होने लोगों से देश की मुख्य धारा में शामिल होकर विकास की प्रक्रिया से जुड़ने और आगे बढ़ने की अपील की।