कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। कुल्लू जिले में बंजार घाटी के घियागी इलाके में NH-305 पर कल रविवार रात 8:30 बजे एक पर्यटक वाहन के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। 5 घायलों को जोनल अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया है और 5 का इलाज बंजार में एक अस्पताल में चल रहा है|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक पर्यटक वाहन के खाई में गिरने से हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मोदी ने कहा कि घायल लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;
"हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में टूरिस्ट वाहन के खाई में गिरने की घटना अत्यंत दुखदायी है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खो दिया है, उनके परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। इसके साथ ही घायलों की हरसंभव मदद की जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: पीएम"
हिमाचल प्रदेश CM जयराम ठाकुर ने कहा,''जिला कुल्लू में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से ऐसी प्रार्थना करता हूं|
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कुल्लू के औट-लुहरी में एक ट्रैवलर के खाई में गिरने के बाद हुई लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया,' कुल्लू के औट-लुहरी NH-305 पर घियागी के पास ट्रैवलर बस के खाई में पलटने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखदाई है। मेरी संवेदना शोकाकुल परिवारों के साथ है।घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं अपने श्रीचरणों में स्थान दे। ॐ शान्ति