मैनपुरी/लखनऊ: शिवपाल यादव के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चुनाव नतीजों के बाद से ही जारी हैं| इस पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा कि, BJP चाचा (शिवपाल) को लेना चाहती है, तो जल्दी से ले ले, देर क्यों कर रहे हैं?| समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल यादव के भाजपा में शामिल होने की खबर पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,''अगर हमारे चाचा को भाजपा लेना चाहती है तो देर क्यों कर रही है? भाजपा के लोग देर किस बात की कर रहे हैं।
बुधवार को मैनपुरी पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा,''''मुझे चाचा जी से कोई नाराज़गी नहीं है लेकिन भाजपा बता सकती है कि वे क्यों खुश हैं| भाजपा चाचा को लेना चाहती है, तो जल्दी से ले ले, देर क्यों कर रहे हैं?|
इन दिनों सीतापुर जेल में बंद रामपुर विधायक व सपा के दिग्गज नेता आजम खान और उनके समर्थक काफी दिनों से नाराज चल रहे हैं| हालांकि आजम खान व उनके समर्थकों की बढ़ रही नाराजगी के बीच सपा प्रमुख ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है|
आजम खान का किया समर्थन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा आजम खां के साथ हैं, भाजपा जब मुकदमे लगा रही थी तब ये लोग कहां थे जो अब आजम खां के साथ सहानुभूति जता रहे हैं| उन्होंने खुद उन लोगों से बात की थी जो लोग आजम खां पर मुकदमे लगा रहे थे, लेकिन उन अधिकारियों पर मुकदमे लगाने का दबाव था| कहा कि पार्टी के लोग उनसे मिलने जाएंगे...जरूरत पड़ेगी तो मैं भी आजम से मिलने जरुर जाऊंगा|
उन्होंने आजम खान के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर कहा कि, ये सभी मामले फर्जी तरीके से दर्ज करवाए गए| अखिलेश ने कहा कि,''सपा आजम खान के साथ खड़ी है, मैंने उन लोगों से बात की है जिन्होंने उनके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, उन पर सरकार का दबाव था|